यूपी विधानसभा चुनाव 2027 में योगी आदित्यनाथ ही होंगे बीजेपी का सीएम फेस, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का एलान
नई दिल्ली। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के बारे में बड़ा एलान किया है। चैनल न्यूज18 को दिए इंटरव्यू में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने एक सवाल के जवाब में कहा कि यूपी में 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी की ओर से सीएम फेस योगी आदित्यनाथ ही होंगे। नितिन नबीन ने यूपी के साथ ही उत्तराखंड में पिछले दो बार बीजेपी सरकार बनने के बाद विकास के तमाम कार्यों और अन्य उपलब्धियों को भी गिनाया। सुनिए क्या बोले नितिन नबीन।
योगी आदित्यनाथ ने साल 2017 में यूपी विधानसभा चुनाव में बीजेपी की जीत के बाद अप्रत्याशित तौर पर सीएम की कुर्सी संभाली थी। योगी आदित्यनाथ उस वक्त गोरखपुर सदर सीट से बीजेपी के सांसद थे। बीजेपी नेतृत्व ने यूपी विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद योगी आदित्यनाथ को तुरंत लखनऊ पहुंचने के लिए कहा था। जहां उनको विधायक दल की बैठक में नेता चुना गया था। सीएम योगी के चेहरे पर ही बीजेपी ने 2022 में भी यूपी विधानसभा चुनाव लड़ा और लगातार दूसरी बार सरकार बनाई। सीएम योगी आदित्यनाथ के यूपी की सत्ता संभालने के बाद सूबे का चेहरा बदल गया है। अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई से सुरक्षा बढ़ी है। दंगे और उपद्रव रुक गए हैं। उपद्रवियों की अवैध संपत्तियों और सरकारी जमीनों पर कब्जों को बुलडोजर एक्शन से हटाया जा रहा है।
इसके अलावा यूपी में तमाम कंपनियों का निवेश आने के बाद लाखों युवाओं को नौकरी मिली है। यूपी की योगी सरकार ने सरकारी नौकरियों में भी युवाओं की बड़े पैमाने पर भर्ती की है। जबकि, इससे पहले यूपी को बीमारू राज्य कहा जाता था। जहां शाम होते ही अपराध की बाढ़ आ जाती थी। सड़कों पर महिलाओं का निकलना खतरे से खाली नहीं था। यूपी की सत्ता संभालने के बाद सीएम योगी ने आदेश दिए और पुलिस ने अपराधियों को एनकाउंटर में या तो ठिकाने लगाया या गिरफ्तार किया। यूपी में योगी सरकार ने एक्सप्रेसवे, 24 घंटे बिजली, शुद्ध पेयजल वगैरा की भी व्यवस्था की। यूपी में राजस्व भी बढ़ा है। साथ ही यहां ब्रह्मोस जैसी मिसाइल और सेना को देने के लिए ड्रोन वगैरा भी बन रहे हैं।
