पश्चिम बंगाल चुनाव ड्यूटी से आईपीएस अजय पाल शर्मा को हटाने की मांग वाली सुप्रीम कोर्ट में याचिका
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए उत्तर प्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी अजयपाल शर्मा को चुनाव ड्यूटी हटाने की मांग करते हुए सुप्रीम कोर्ट में एक जनहित याचिका दायर की गई है। इस याचिका में एक वायरल वीडियो का हवाला दिया गया है जिसमें आईपीएस अजयपाल पर मतदाताओं को धमकाने का आरोप है। आदित्य दास नाम के एक व्यक्ति की ओर से दायर याचिका में यह तर्क दिया गया है उनकी नियुक्ति से चुनाव प्रभावित होने की आशंका है। याचिकाकर्ता ने कहा कि पर्यवेक्षक का काम चुनाव प्रक्रिया पर नजर रखना है मगर कार्यभार संभालने के बाद से अजयपाल शर्मा का रवैया पक्षपातपूर्ण वाला रहा है और वो राजनीतिक उम्मीदवारों को धमका रहे हैं।
आपको बता दें कि आईपीएस अजय पाल शर्मा का सोमवार को एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वो टीएमसी नेता जहांगीर खान के घर पहुंचकर चेतावनी देते दिखे थे। अजयपाल शर्मा को एनकाउंटर स्पेशलिस्ट यूपी का सिंघम कहा जाता है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अजय पाल शर्मा को सूचना मिली थी कि जहांगीर खान के समर्थकों के द्वारा वोटरों को डराया और धमकाया जा रहा है। इस पर अजय पाल शर्मा जहांगीर खान के घर पहुंचे थे और बहुत ही सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा था कि आसपास जितने लोग हैं, अच्छी तरह समझ लें कि अगर चुनाव में किसी प्रकार की कोई बदमाशी की, तो उसका ठीक से इलाज करेंगे।
इससे पहले तृणमूल कांग्रेस की ओर से अजयपाल की नियुक्ति का विरोध करते हुए कलकत्ता हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई थी। मगर हाईकोर्ट ने टीएमसी की उस याचिका पर सुनवाई से इनकार कर दिया था। हाईकोर्ट ने कहा था कि वह चुनावी प्रक्रिया में हस्तक्षेप नहीं कर सकता। गौरतलब है कि आज बंगाल में दूसरे फेस की वोटिंग हो रही है। आज शाम मतदान पूरा होने के बाद 4 मई को मतगणना होनी है।
