कपिल शर्मा के कनाडा स्थित कैफे के पास फायरिंग, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने जिम्मेदारी लेते हुए दी धमकी;
नई दिल्ली। कॉमेडियन कपिल शर्मा का कनाडा के सर्रे में ‘कैप्स कैफे’ है। इसके पास एक बार फिर फायरिंग की घटना हुई। जानकारी के मुताबिक कपिल शर्मा के कैफे के पास रेस्तरां पर फायरिंग की गई। लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने इस फायरिंग की जिम्मेदारी लेते हुए कपिल शर्मा को धमकी दी है। कपिल शर्मा के कैफे के पास रेस्तरां पर फायरिंग की घटना के बाद सोशल मीडिया पर टायसन बिश्नोई जोरा सिद्धू नाम के व्यक्ति ने पोस्ट किया। जोरा सिद्धू को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य कहा जाता है। उसने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि चाय सुट्टा बार कैफे पर गोली चली है। ये कैप्स कैफे के पड़ोस में है। हमारा इसको और कपिल शर्मा को संदेश है कि लाइन पर आ जाओ।
कॉमेडियन कपिल शर्मा को धमकी देते हुए इस पोस्ट में जोरा सिद्धू ने लिखा है कि चाय सुट्टा बार की जगह तेरा कैप्स कैफे और मुंबई वाला घर होगा। इस बार हम किसी की सिफारिश पर नहीं रुकेंगे। कपिल शर्मा के कनाडा स्थित कैप्स कैफे पर पहले भी तीन बार फायरिंग हुई थी। कपिल शर्मा के कैफे पर पहली बार जुलाई 2025 में फायरिंग की घटना के बाद उसकी जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी। इसके बाद कैप्स कैफे पर फायरिंग की दूसरी वारदात अगस्त 2025 में हुई थी। फायरिंग की तीसरी घटना दिवाली से पहले हुई थी। तीसरी बार कपिल शर्मा के कैप्स कैफे पर फायरिंग की जिम्मेदारी भी लॉरेंस बिश्नोई के गैंग ने ली थी।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग बॉलीवुड से जुड़े और लोगों को भी इसी तरह धमकी दे चुका है। बिश्नोई गैंग ने एक्टर सलमान खान को काला हिरण शिकार मामले में मार डालने की धमकी दे रखी है। लॉरेंस गैंग के गुर्गों ने अप्रैल 2024 में सलमान खान के मुंबई वाले घर के बाहर फायरिंग की थी। वहीं, लॉरेंस बिश्नोई गैंग पर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या करने का भी आरोप है। पंजाबी सिंगर और एक्टर गिप्पी ग्रेवाल के घर पर भी बिश्नोई गैंग की ओर से फायरिंग करने की घटना हो चुकी है। गिप्पी ग्रेवाल कनाडा में रहते हैं। सलमान खान से नजदीकी की वजह से बिश्नोई गैंग ने गिप्पी को निशाना बनाया। बॉलीवुड के कई और एक्टर्स को भी लॉरेंस गैंग से धमकी देने की बात मुंबई पुलिस को पता चली है।
