शुभेंदु अधिकारी के पीए की हत्या के विरोध में बीजेपी कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, मृतक की मां बोलीं, हत्यारों को फांसी नहीं…
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक (पीए) चंद्रनाथ रथ की हत्या किए जाने के विरोध में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने भदुताला में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नेशनल हाईवे को जाम कर दिया और इस वजह से यातायात प्रभावित हुआ। प्रदर्शनकारी हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं। वहीं हत्याकांड वाली जगह पर आज फिर से फोरेंसिक टीम पहुंची और साक्ष्य जुटाए। उधर, बीजेपी ने अपने कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील की है।
बंगाल बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा, क्या यह हत्या रानजीतिक प्रतिशोध के लिए की गई है, उन्होंने कहा कि यह कोई साधारण हत्या नहीं है। वहीं मृतक चंद्रनाथ रथ की मां का भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि अगर किसी दुर्घटना की वजह से मेरे बेटे की मौत हुई होती तो मुझे इतना दु:ख नहीं होता लेकिन जिस प्रकार से बदमाशों ने मेरे बेटे को तड़पाकर मार डाला वो बहुत ही निंदनीय है। उन्होंने कहा कि मैं मेरे बेटे की हत्या के दोषियों को सजा दिलाना चाहती हूं लेकिन मैं हत्यारों के लिए फांसी नहीं चाहती। मैं भी एक मां हूं और चाहती हूं कि मेरे बेटे की हत्या करने वालों को आजीवन कारावास की सजा हो।
बता दें कि बुधवार रात करीब 10:30 बजे मध्यमग्राम के डोलतला के पास मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने चंद्रनाथ रथ की गाड़ी का पीछा करते हुए उनकी कार रुकवाई और उसके बाद उनके ऊपर गोलियों की बौछार कर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद हमलावर करके फरार हो गए। इस घटना के बाद से बंगाल में बीजेपी कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त है और माहौल तनावपूर्ण बना है। फिलहाल चंद्रनाथ रथ के शव की पोस्टमार्टम प्रक्रिया चल रही है उसके बाद उनका शव परिवारवालों के सुपुर्द कर दिया जाएगा और फिर उनका अंतिम संस्कार होगा।
