May 15, 2026

Hind foucs news

hindi new update

पेट्रोल-डीजल और सीएनजी महंगी, जानिए कितने बढ़े दाम और किस शहर में कितनी हो गई कीमत?

नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव की वजह से वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति संकट के बीच देशभर में आज पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। पेट्रोल 3.14 रुपए और डीजल 3.11 रुपए महंगा हो गया है। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सीएनजी के दाम भी बढ़ गए हैं। सीएनजी 2 रुपये प्रति किलो महंगी हुई है। पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की बढ़ी हुई कीमतें आज से लागू हो गई हैं। अभी एक दिन पहले ही मुंबई में भी सीएनजी के दाम 2 रुपए प्रति किलो बढ़ाए गए हैं। दिल्ली में नॉर्मल पेट्रोल अब 97.77 रुपये जबकि डीजल 90.67 रुपये प्रति लीटर और सीएनजी 79.09 रुपए प्रति किलो की दर से मिलेगी।

मुंबई में पेट्रोल 106.68 रुपए, डीजल 93.14 रुपए, कोलकाता में पेट्रोल 108.74 रुपए, डीजल 95.13 रुपये और चेन्नई में पेट्रोल 103.67 रुपए और डीजल 95.25 रुपए प्रति लीटर की दर से उपलब्ध होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अभी हाल ही में देशवासियों से पेट्रोल और डीजल बचाने की अपील करते हुए सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की सलाह दी थी। वेस्ट एशिया तनाव के चलते कच्चे तेल के दाम में लगातार उछाल जारी है। कच्चा तेल जो पहले 70 डॉलर प्रति बैरल के आसपास मिलता था, अब उसकी कीमत बढ़कर 126 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई है।

कच्चे तेल की बढ़ी हुई कीमतों की वजह से भारत की सरकारी तेल कंपनियों को रोजाना करोड़ों रुपए का घाटा हो रहा था। यही वजह है कि तेल की कीमतों में इजाफा करना पड़ा। इससे पहले केंद्र सरकार ने देशवासियों को खर्च के अतिरिक्त बोझ से बचाने के लिए पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगने वाली स्पेशल एक्साइज ड्यूटी में 10-10 रुपए कटौती की थी। पेट्रोल पर 13 रुपए प्रति लीटर से घटाकर 3 रुपए, जबकि डीजल पर 10 रुपए प्रति लीटर से स्पेशल एक्साइज ड्यूटी शून्य कर दी गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *