May 15, 2026

Hind foucs news

hindi new update

दिल्ली समेत इन 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में चुनाव आयोग ने दिए एसआईआर के आदेश, जानिए किस राज्य में किस तारीख से शुरू होगा काम

नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने गुरुवार आदेश जारी कर देश के और 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित क्षेत्रों में वोटरों का विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर कराने का एलान किया है। चुनाव आयोग ने बताया है कि हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के अलावा इन सभी राज्यों में एसआईआर होगा। चुनाव आयोग ने सबसे पहले बिहार में एसआईआर कराया था। जिसके बाद उसने केरल, तमिलनाडु, पुदुचेरी, पश्चिम बंगाल, यूपी, राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत कई जगह एसआईआर का काम पूरा कराया है।

चुनाव आयोग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक एसआईआर का काम अब दिल्ली, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, चंडीगढ़, दादरा और नागर हवेली, हरियाणा, झारखंड, कर्नाटक, महाराष्ट्र, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नगालैंड, ओडिशा, पंजाब सिक्किम, त्रिपुरा, तेलंगाना और उत्तराखंड में कराया जाएगा। इन सभी राज्यों में अभी 36 करोड़ 73 लाख 87 हजार 831 वोटर हैं। 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित क्षेत्रों में एसआईआर के लिए 3 लाख 94 हजार 541 बीएलओ की तैनाती चुनाव आयोग ने की है। जबकि, इन राज्यों में पार्टियों के बूथ लेवल एजेंट यानी बीएलए की तादाद 3 लाख 42 हजार 409 है।

इन सभी 16 राज्यों और केंद्र शासित क्षेत्रों में फाइनल वोटर लिस्ट का प्रकाशन सितंबर से दिसंबर 2026 के बीच किया जाएगा। ओडिशा, मिजोरम, सिक्कम और मणिपुर की फाइनल वोटर लिस्ट 6 सितंबर 2026 को जारी होगी। जबकि, दादरा नागर हवेली की लिस्ट 11 सितंबर, उत्तराखंड की लिस्ट 15 सितंबर, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, हरियाणा और चंडीगढ़ की फाइनल वोटर लिस्ट 22 सितंबर 2026 को प्रकाशित होगी। एसआईआर के बाद तेलंगाना और पंजाब की फाइनल वोटर लिस्ट का प्रकाशन 1 अक्टूबर, दिल्ली, कर्नाटक, मेघालय, महाराष्ट्र और झारखंड की लिस्ट 7 अक्टूबर, नगालैंड की फाइनल वोटर लिस्ट 11 नवंबर और त्रिपुरा की फाइनल वोटर लिस्ट 23 दिसंबर को प्रकाशित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *