‘टीएमसी के 20 सांसद 50 विधायक बीजेपी में आने के लिए तैयार…ममता की पार्टी ही नहीं रहेगी’, सांसद सौमित्र खान का दावा
बांकुड़ा (पश्चिम बंगाल)। पश्चिम बंगाल की सत्ता पर 15 साल काबिज रही ममता बनर्जी की टीएमसी की ताजा विधानसभा चुनाव में घोर पराजय हुई। इसके बाद अब ममता बनर्जी पर एक और संकट मंडराता दिख रहा है। ये संकट टीएमसी के खत्म हो जाने का है! कोलकाता से प्रकाशित संवाद प्रतिदिन अखबार ने सूत्रों के हवाले से दावा किया था कि टीएमसी के कई सांसद बीजेपी में शामिल होने की तैयारी कर रहे। अब बांकुड़ा से बीजेपी सांसद सौमित्र खान ने भी यही दावा किया है। लोकसभा में टीएमसी के अभी 29 सांसद हैं।
बांकुड़ा में न्यूज एजेंसी एएनआई से बीजेपी सांसद सौमित्र खान ने दावा किया कि टीएमसी के 20 सांसद और 50 विधायक अपनी पार्टी के नेतृत्व से नाराज हैं और बीजेपी में आने के लिए तैयार हैं। सौमित्र खान ने कहा कि अगर बीजेपी का केंद्रीय नेतृत्व इसकी मंजूरी दे, तो टीएमसी ही नहीं रहेगी। हर कोई बीजेपी में आने के लिए तैयार है। सौमित्र खान ने ममता बनर्जी के सांसद भतीजे अभिषेक बनर्जी को पापी बताते हुए कहा कि ऐसे लोगों को जेल जाना ही पड़ता है। उन्होंने 2021 में बीजेपी कार्यकर्ताओं के घर गिरा दिए थे। अब अभिषेक के घर के सामने बुलडोजर खड़ा है। उनको नरक जाना चाहिए।
सौमित्र खान का ये दावा मंगलवार को शुभेंदु अधिकारी की एक समीक्षा बैठक के बाद आया है। जिसमें बारासात से टीएमसी सांसद काकोली घोष दस्तिदार और पार्टी के 6 विधायक शामिल हुए थे। हाल ही में हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में टीएमसी को सिर्फ 81 सीट मिली हैं। जबकि, 2021 के विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी की पार्टी 213 सीट पर जीती थी। वहीं, बीजेपी को उस वक्त 71 सीट मिली थी। ममता बनर्जी ने शायद सोचा भी नहीं होगा कि बीजेपी उनको इतना जबरदस्त पराजय देगी। यहां तक कि खुद ममता बनर्जी अपने गढ़ कहे जाने वाले भवानीपुर से हार गईं। ममता बनर्जी को उनके वार्ड से ही शुभेंदु अधिकारी के मुकाबले कम वोट मिले। ममता बनर्जी को दूसरी बार शुभेंदु अधिकारी ने हराया है। इससे पहले 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में शुभेंदु ने नंदीग्राम सीट पर ममता को 1900 वोट से हराया था।
