अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से हार्दिक पंड्या आउट, विराट कोहली पहले ही इंजरी के चलते हो चुके हैं बाहर
नई दिल्ली। अफगानिस्तान के खिलाफ 13 जून से शुरू हो रही वनडे सीरीज से पहले टीम इंडिया के लिए एक बुरी खबर है। ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या को इंजरी के चलते सीरीज से बाहर होना पड़ा है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पंड्या को लो ग्रेड इंजरी है। इससे पहले हार्दिक पंड्या ने सभी जरूरी फिटनेस टेस्ट पास कर लिए थे मगर पैर में मोच के चलते अब वो सीरीज नहीं खेल पाएंगे। डॉक्टरों ने उनको दो सप्ताह आराम करने की सलाह दी है। इस दौरान हार्दिक बेंगलुरु में स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में ही रहेंगे। इससे पहले विराट कोहली भी इंजरी के चलते सीरीज से बाहर हो गए थे।
हार्दिक 2 जून से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में थे जहां उनके फिटनेस संबंधी टेस्ट हुए और उनको क्लियरेंस भी मिल गया मगर एन वक्त पर उनके साथ यह समस्या हो गई। हार्दिक को 11 जून को टीम इंडिया के साथ जुड़ना था। हार्दिक पंड्या लगभग 14 महीने बाद अंतरराष्ट्रीय वनडे क्रिकेट में वापसी करने वाले थे जिसको लेकर उनके फैंस भी खासे उत्साहित थे, मगर अब हार्दिक और उनके फैंस दोनों का ही इंतजार थोड़ा और लंबा हो गया है। भारत और अफगानिस्तान के बीच 13 जून को पहला वनडे हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में खेला जाएगा। जबकि दूसरा वनडे मुकाबला लखनऊ के इकाना स्टेडियम में 17 जून को होगा। तीसरा और सीरीज के अंतिम मैच में 20 जून को चेन्नई में दोनों टीमें आमने-सामने होंगी।
गौरतलब है कि भारत ने अफगानिस्तान को चंडीगढ़ के मुल्लांपुर में खेले गए टेस्ट मैच में पारी और 300 रनों से करारी शिकस्त दी है। यह टेस्ट मैच 6 जून को शुरू हुआ था और तीसरे ही दिन 8 जून को भारत ने मैच जीत लिया। दोनों टीमों के बीच एक ही टेस्ट मैच खेला जाना था। टेस्ट क्रिकेट इतिहास में भारत की यह अब तक की सबसे बड़ी जीत है। इस मैच से टेस्ट डेब्यू करने वाले भारतीय गेंदबाज मानव सुथार ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए सात विकेट चटकाए।
