लखनऊ में ट्रेन हादसा कराने की साजिश!, पटरी पर 50 किलो का लोहे का चौखट रखा; बाल-बाल बची पंजाब मेल
लखनऊ। एक बार फिर ट्रेन हादसा कराने की साजिश सामने आई है। यूपी की राजधानी लखनऊ के कैंट इलाके में रेल की पटरी पर वजनी लोहे का चौखट रखा मिला। लोको पायलट की सतर्कता से पंजाब मेल हादसे का शिकार होने से बच गई। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक शुक्रवार को लखनऊ कैंट के दिलकुशा ब्लॉक हट के पास किसी ने 50 किलो वजन का लोहे का चौखट रेल की पटरी पर रख दिया। उसी दौरान 13006 पंजाब मेल आ गई। लोको पायलट ने जब पटरी पर लोहे की भारी चीज रखी देखी, तो इमरजेंसी ब्रेक लगाया। इंजन रुकते-रुकते लोहे के चौखट में फंस गया।
पंजाब मेल के लोको पायलट ने लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन मास्टर को इसकी जानकारी दी। इस पर रेलवे के अफसर और आरपीएफ दिलकुशा ब्लॉक हट पर पहुंचे और काफी मशक्कत से इंजन में फंसे लोहे के वजनी चौखट को हटाया। इस मामले में केस दर्ज कराया गया है। पुलिस सीसीटीवी वगैरा खंगालकर जानने की कोशिश कर रही है कि ट्रेन हादसा कराने के लिए पटरी पर वजनी लोहे का चौखट किन लोगों ने रखा। बता दें कि पहले भी लखनऊ समेत देश में तमाम जगह रेल की पटरी पर वजनी और लोहे की चीजें रखे जाने के मामले हुए थे। कई मामलों में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
पिछले कुछ साल से रेल की पटरी पर वजनी चीजें मसलन गैस सिलेंडर, लकड़ी का कुंदा, पेड़ का मोटा तना, लोहे का एंगल, पत्थर वगैरा रखे जाने की घटनाएं सामने आती रही हैं। पहले तो इनको शरारती तत्वों का हाथ मानकर गंभीरता नहीं दिखाई गई, लेकिन जब घटनाएं बढ़ने लगीं, तो रेलवे और पुलिस ने सतर्कता बढ़ाई। लखनऊ में हुई ताजा घटना से ये सवाल भी उठ रहा है कि जब पटरियों की लगातार जांच की जाती है, तो किसी रेलवे कर्मचारी की नजर चौखट पर क्यों नहीं पड़ी? ये तो भला हो सजग लोको पायलट का कि पंजाब मेल को उसने वक्त रहते इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोक लिया। वरना ट्रेन बड़े हादसे का शिकार बन जाती।
