June 15, 2026

Hind foucs news

hindi new update

‘पुष्पा झुकेगा नहीं’ कहने वाले जहांगीर खान की हेकड़ी पुलिस ने निकाली, फलता के रास्तों पर हाथ जोड़ और कान पकड़कर मांगी लोगों से माफी

फलता (पश्चिम बंगाल)। ममता बनर्जी के हाथ से सत्ता छिन गई। उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी को सीआईडी दफ्तर के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। टीएमसी के नेता गिरफ्तार हो रहे हैं और नाराज जनता सड़े अंडे उन पर फेंक रही है। पश्चिम बंगाल में आजकल ये नजारा है। वहीं, पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना के एक दबंग नेता का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस नेता का नाम है जहांगीर खान। जहांगीर खान को अभिषेक बनर्जी का करीबी माना जाता है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में जहांगीर खान ने फलता सीट से पर्चा भी भरा था। जहांगीर ने ये भी कहा था कि वो पुष्पा हैं और नहीं झुकेंगे, लेकिन वक्त का सितम ऐसा कि जहांगीर खान की सारी हेकड़ी धूल में मिल गई है।

जिस फलता में जहांगीर खान का रुआब चलता था। जहां लोग आवाज निकालना तो दूर उसके सामने आंखें नहीं उठा पाते थे, उसी इलाके से आया एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इस वीडियो में दिख रहा है कि टी-शर्ट और हाफ पैंट पहने जहांगीर खान को कमर में रस्सी बांधकर फलता की सड़कों पर पुलिस घुमा रही है। इस वीडियो में ये भी दिख रहा है कि दबंग जहांगीर खान हाथ जोड़कर और कान पकड़कर लोगों से माफी मांग रहा है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद जहांगीर खान फरार हो गया था। उसे पश्चिम बंगाल एसटीएफ ने नेपाल सीमा के पास से गिरफ्तार किया था। जिसके बाद उसे फलता लाया गया और पुलिस अब जहांगीर खान उर्फ पुष्पा का डर लोगों के मन से उतारने की कोशिश कर रही है।

जहांगीर खान के खिलाफ फलता थाने में सात एफआईआर दर्ज की गई हैं। ये सभी मामले चुनाव से जुड़े हैं। अपने खिलाफ केस दर्ज होने पर राहत के लिए जहांगीर खान ने कलकत्ता हाईकोर्ट का रुख किया था। कलकत्ता हाईकोर्ट ने 18 मई तक जहांगीर को गिरफ्तारी से राहत दी थी। ताकि वो 21 मई को फलता सीट पर री-पोल में हिस्सा ले सके। फलता में वोटिंग से दो दिन पहले ही जहांगीर खान ने एलान किया था कि वो चुनावी मैदान से हट रहा है। हालांकि, इसके बावजूद जहांगीर खान को 6000 के करीब वोट मिले थे। फलता सीट बीजेपी के पाले में जाने के बाद से ही जहांगीर खान का कुछ पता नहीं चल रहा था। बड़ी मशक्कत के बाद पश्चिम बंगाल एसटीएफ ने गिरफ्तार किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *