उद्धव ठाकरे की पार्टी के 7 सांसद और बड़ी संख्या में विधायक इसी हफ्ते टूटेंगे?, शिंदे खेमे के एमएलसी के दावे से अटकलों का बाजार गर्म
मुंबई। पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की टीएमसी में टूट के बाद अब महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे की शिवसेना-यूबीटी के सांसदों और विधायकों को लेकर अटकलों का बाजार गर्म है। अटकलें हैं कि इसी हफ्ते उद्धव ठाकरे की पार्टी में टूट हो सकती है। एकनाथ शिंदे की शिवसेना के एमएलसी कृपाल तुमाने के दावे के बाद अटकलों ने तेजी पकड़ी है कि उद्धव की पार्टी के 9 में से 7 सांसद और 20 में से 14-16 विधायक टूटकर एकनाथ शिंदे की शिवसेना के पाले में जाएंगे। हालांकि, उद्धव ठाकरे के खास और शिवसेना-यूबीटी के इकलौते राज्यसभा सांसद संजय राउत इन अटकलों को गलत बता रहे हैं।
उद्धव ठाकरे की पार्टी में टूट की अटकलों की वजह शिवसेना के एमएलसी कृपाल तुमाने के बयान से और बढ़ गई हैं। कृपाल ने बयान में कहा है कि काफी दिनों से इस बारे में बैठकों का दौर चल रहा था। उन्होंने कहा कि अब चर्चा का दौर जल्दी ही पूरा होने वाला है। शिवसेना एमएलसी ने दावा किया है कि उद्धव के 7 सांसद अलग होंगे और एकनाथ शिंदे के साथ जाएंगे। उन्होंने कहा कि जब कोई ऑपरेशन किया जाता है, तो अस्पताल जाने पर उसकी जांच करते हैं। जांच हो चुकी और रिपोर्ट आ चुकी। कृपाल तुमाने ने कहा कि अब ऑपरेशन का दिन तय होना है। जो संसद के मॉनसून सत्र से पहले ही हो जाएगा। उन्होंने दावा किया कि उद्धव के सांसद साथ आ गए हैं।
बता दें कि शिवसेना-यूबीटी के सांसदों की टूट की अटकलों के जोर पकड़ने के बाद उद्धव ठाकरे ने बीते दिनों उनकी बैठक बुलाई थी। खबरों के मुताबिक उद्धव की पार्टी के सिर्फ 4 सांसद इस बैठक में पहुंचे थे। वहीं, संजय राउत ने दावा किया था कि बाकी सांसद वर्चुअल तरीके से बैठक में शामिल हुए थे। अगर उद्धव ठाकरे का साथ 7 सांसद और बड़ी संख्या में विधायक छोड़ते हैं, तो ये उनको दूसरा झटका होगा। पहले एकनाथ शिंदे ने उद्धव ठाकरे पर हिंदुत्व त्यागने का आरोप लगाकर बगावत की थी और पार्टी का नाम और चुनाव चिन्ह झटक लिया था।
