June 18, 2026

Hind foucs news

hindi new update

जल्द मिलेगी यूपीआई के जरिए पीएफ में जमा रकम निकालने की सुविधा , डेबिट कार्ड भी लाएगा ईपीएफओ

नई दिल्ली। निजी क्षेत्र में काम करने वालों के लिए अच्छी खबर है। ईपीएफओ जल्दी ही पीएफ की रकम यूपीआई और ईपीएफओ के डेबिट कार्ड के जरिए निकालने की सुविधा दे सकता है। खबरों के मुताबिक जून खत्म होने से पहले ही निजी क्षेत्र के कर्मचारियों को यूपीआई और डेबिट कार्ड से पैसा निकालने की सुविधा मिल जाएगी। पहली बार ईपीएफओ इन दो तरीकों से खाते से पैसा निकालने की सुविधा देने जा रहा है। ईपीएफओ इसके लिए अपने सर्वर में बदलाव करवा रहा है। जिसके पूरा होने पर कर्मचारियों को सुविधा मिल जाएगी।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ईपीएफओ अपनी नई वेबसाइट और उमंग एप में कर्मचारी के यूपीआई आईडी को जोड़ने की व्यवस्था करेगा। ईपीएफओ के यूएएन से जो बैंक खाता जुड़ा हुआ है, उसके यूपीआई के जरिए ही कर्मचारियों को रकम निकालने की सुविधा दी जाएगी। श्रम मंत्री मनसुख मंडाविया ने पहले ये जानकारी दी थी कि सरकार ईपीएफओ में ऐसी व्यवस्था करने जा रही है, ताकि जरूरत के वक्त कर्मचारी अपने पीएफ खाते से आसानी से रकम निकाल सकें। इससे पहले कर्मचारी को नौकरी के बीच रकम निकालने के लिए ऑफलाइन या ऑनलाइन आवेदन देना पड़ता था। जिसके जरिए पैसा मिलने में काफी वक्त लगता था।

रिपोर्ट्स में कहा गया है कि कर्मचारियों को यूपीआई और ईपीएफओ डेबिट कार्ड का इस्तेमाल कर अपने पीएफ खाते से 50 फीसदी रकम निकालने की मंजूरी मिलेगी। इसके अलावा नौकरी छोड़ने के दो महीने बाद या रिटायरमेंट होने पर कर्मचारी पीएफ खाते में जमा पूरी रकम निकाल सकते हैं। ईपीएफओ अपनी नई वेबसाइट भी बनवा रहा है। ईपीएफओ की पुरानी वेबसाइट हैंग होने की समस्या आती थी। जिसकी वजह से कर्मचारियों को रकम निकासी का आवेदन देने या यूएएन से बैंक खाता और आधार जोड़ने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता था। श्रम मंत्रालय ने कर्मचारियों की दिक्कतों को दूर करने के लिए उमंग एप के जरिए भी पीएफ खाते की जानकारी और रकम निकासी की व्यवस्था पहले की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *