June 30, 2026

Hind foucs news

hindi new update

राम भक्तों पर गोली चलवाने वाले और भगवान के अस्तित्व को नकारने वाले आज आस्था की वकालत कर रहे : योगी आदित्यनाथ

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज रामपुर में 690 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में विपक्ष की ओर से सरकार पर उठाए जा रहे सवालों पर पलटवार किया। योगी ने कहा कि आज भगवान राम की भक्ति की वकालत कौन कर रहा है? आज भगवान राम की भक्ति की दुहाई कौन दे रहा है? जो 2017 से पहले जय श्री राम बोलने पर लाठी मारते थे। जो लोग राम भक्तों पर उस समय गोली चलवाते थे, आज वे आस्था की वकालत करते दिखाई दे रहे हैं।

योगी ने कहा कि यह आपकी आस्था और आपके वोट बैंक की ताकत है कि उनको आपका पिछलग्गू बनने पर मजबूर होना पड़ रहा है। अब उनको अपने पाप और अपने कर्मों पर पश्चाताप होता होगा कि समाजवादी पार्टी गलत थी। वो कांग्रेस जो 2017 के पहले भगवान राम और भगवान कृष्ण के अस्तित्व को ही नकार चुकी थी आज वो भी कहती है कि राम तो सबके हैं। अब यह सब लोग अयोध्या जाने के लिए मचल रहे हैं। प्रभु श्रीराम तो इस ब्रह्मांड के स्वामी हैं, वे भी जानते हैं सही कौन है और बुरा कौन है। कांग्रेस और सपा की चिढ़ तो यह है कि अयोध्या इतनी सुंदर कैसे हो गई, काशी विश्वनाथ धाम इतना इतना सुंदर कैसे हो गया, मां विंध्यवासिनी का धाम इतना अच्छा कैसे हो गया, प्रयागराज का वैभव महाकुंभ के नाम पर देश और दुनिया को अपनी ओर कैसे आकर्षित कर ले रहा है।

उनकी चिढ़ तो है नैमिष के विकास को लेकर, मथुरा-वृंदावन को लेकर, शुक्रतीर्थ को लेकर और जो हमारे विधायकों के द्वारा हर एक पौराणिक और विरासत से जुड़े स्थलों के जीर्णोद्धार का कार्य हो रहा है इसमें बाधा उत्पन्न करने की उनकी चिढ़ थी लेकिन जब कुछ नहीं कर पा रहे हैं तो झूठ का सहारा लेकर कुछ न कुछ तो बोलेंगे, कुछ न कुछ तो करेंगे। उनका यह वक्तव्य दिखाता है कि अंगूर खट्टे हैं। जनता इनको सबक सिखा चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *