दिल्ली यूनिवर्सिटी के सेंट स्टीफंस कॉलेज में शॉर्ट्स पहनने पर रोक, स्टूडेंट्स ने जताया विरोध
नई दिल्ली। दिल्ली यूनिवर्सिटी के अंतर्गत आने वाले प्रतिष्ठित सेंट स्टीफंस कॉलेज में ड्रेस कोड को लेकर विवाद शुरू हो गया है। दरअसल कॉलेज प्रबंधन की ओर से एक नोटिस जारी किया गया है जिसमें कॉलेज कैंपस में स्टूडेंट्स के शॉर्ट्स पहनने पर रोक लगाने की बात कही गई है। नोटिस के अनुसार, स्टूडेंट्स क्लासरूम, असेंबली हॉल, लाइब्रेरी, डाइनिंग हॉल और चैपल में शॉर्ट्स पहनकर नहीं आ सकेंगे। कॉलेज कैंपस में कई जगहों पर यह नोटिस चस्पा किए गए हैं। सभी जूनियर सदस्यों से इस ड्रेस कोड नियम का सख्ती से पालन करने को कहा गया है।
ड्रेस कोड के अलावा नोटिस में स्मोकिंग को भी प्रतिबंधित करने की बात लिखी है। इसमें कहा गया है कि पूरा कॉलेज कैंपस स्मोक फ्री जोन है और ऐसे में इस नियम का भी विशेष तौर पर ध्यान रखा जाए। छात्रों से कॉलेज कैंपस को साफ सुधरा बनाए रहने में सहयोग देने का आह्वान किया गया है और साथ ही कॉलेज कैंपस में अपना वैलिड आईडी कार्ड लेकर आने का निर्देश दिया गया है। कॉलेज की ओर से जारी इस नोटिस में प्रिंसिपल सुसान एलियास के हस्ताक्षर हैं। उधर, ड्रेस कोड संबंधी निर्देश लागू किए जाने से स्टूडेंट्स खुश नहीं हैं और इसका विरोध कर रहे हैं। छात्रों का तर्क है कि उच्च शिक्षण संस्थानों में ड्रेस कोड लागू कर इस प्रकार के प्रतिबंध लगाना उनकी अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का उल्लंघन है।
स्टूडेंट्स की मांग है कि कॉलेज प्रबंधन को अपने इस ड्रेस कोड वाले फैसले पर दोबारा विचार करना चाहिए और विद्यार्थियों के साथ बातचीत कर इसका समाधान निकाला जाना चाहिए। छात्रों के अनुसार कॉलेज में अनुशासन और गरिमा बनाए रखने के नाम पर छात्रों पर इस प्रकार का प्रतिबंध लगाना अनुचित है। छात्रों का यह भी कहना है कि आमतौर पर सुबह के समय जो विद्यार्थी खेलों की प्रैक्टिस के लिए स्पोर्ट्स किट में आते हैं, उनको इससे परेशानी होगी क्योंकि वो अक्सर शॉर्ट्स में ही होते हैं।
