March 14, 2026

Hind foucs news

hindi new update

प्रधानमंत्री की सुरक्षा में चूक मसले पर राष्ट्रपति ने जताई चिंता, PM मोदी से मिले

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में हुई चूक पर जारी राजनीतिक विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। भाजपा इसे एक बड़ा षड्यंत्र बताते हुए कांग्रेस पर निशाना साध रही है तो वहीं कांग्रेस भी पलटवार कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी की सुरक्षा में हुई चूक के मसले पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने चिंता जताई है। साथ ही गुरुवार को राष्ट्रपति कोविंद ने पीएम मोदी से मुलाकात भी की है। वहीं देश के पूर्व प्रधानमंत्री और जनता दल (सेक्युलर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एच डी देवगौड़ा ने ट्वीट कर प्रधानमंत्री की सुरक्षा को लेकर देश में जारी राजनीतिक विवाद को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए अतीत से सबक सीखने की सलाह दी है।

प्रधानमंत्री की सुरक्षा पर विवाद दुर्भाग्यपूर्ण , हमें अतीत से सीखना चाहिए : एचडी देवगौड़ा

पूर्व प्रधानमंत्री देवगौड़ा ने प्रधानमंत्री की सुरक्षा पर जारी विवाद पर ट्वीट करते हुए कहा, यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा को लेकर विवाद हो रहा है। देवगौड़ा ने आगे अपने ट्वीट में लिखा, जब भारत के सर्वोच्च कार्यकारी कार्यालय की रक्षा करने की बात आती है, तो हमें किसी भी समय आत्मसंतुष्ट नहीं होना चाहिए। हमें अतीत से सीखना चाहिए। आपको बता दें कि , संयुक्त मोर्चा के नेता के तौर पर कांग्रेस के बाहरी समर्थन से एच डी देवगौड़ा 1996 में देश के प्रधानमंत्री बने थे।

क्या है मामला

बुधवार को पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में हुई चूक को भाजपा ने एक बड़ा राजनीतिक मुद्दा भी बना दिया है। इस चूक को एक बहुत बड़ा षड्यंत्र बताते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा गुरुवार को देश के हर जिले में मशाल रैली करने जा रहा है तो वहीं भाजपा के दिग्गज नेता देश के ज्योतिलिंर्गों और बड़े शिवालयों में जाकर महामृत्युंजय मंत्र का जाप कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *