March 10, 2026

Hind foucs news

hindi new update

दुनिया में भारत का डंका बजाने वाले सुंदर पिचाई और सत्य नडेला पद्म पुरस्कार से सम्मानित, इनको भी मिला सम्मान

नई दिल्ली। इस साल गणतंत्र दिवस पर गूगल के चीफ सुंदर पिचाई और माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्य नडेला को भी पद्म सम्मान देने का एलान किया गया है। दोनों को पद्म भूषण सम्मान दिया गया है। नडेला और पिचाई ने दुनिया के आईटी उद्योग क्षेत्र में भारत का डंका बजाया है। दोनों को जो पद्म सम्मान दिया गया है, वो इस श्रेणी के सम्मान में तीसरा है। कला, सोशल वर्क, सार्वजनिक क्षेत्र, विज्ञान और इंजीनियरिंग, खेल के क्षेत्र में असाधारण योग्यता के लिए पद्म सम्मान दिए जाते हैं।

54 वर्षीय नडेला और 49 वर्षीय पिचाई को व्यापार और उद्योग के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया है। वहीं, भारत के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत को पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया है। इनके अलावा वैक्सीन निर्माता कंपनी सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के साइरस पूनावाला, भारत बायोटेक की कृष्णा इल्ला और सुचित्रा इल्ला पद्म भूषण पाने वाली हस्तियों की सूची में हैं।

गायक सोनू निगम और एसपी बालासुब्रमण्यम का नाम पद्म श्री पाने वालों की फेहरिस्त में है। पद्म भूषण पाने वाले 17 विशिष्ट शख्सियतों की लिस्ट में पूर्व केंद्रीय मंत्री गुलाम नबी आजाद का नाम भी है। यही सम्मान पश्चिम बंगाल के पूर्व सीएम बुद्धदेव भट्टाचार्य को भी देने का एलान किया गया है, लेकिन उन्होंने पद्म सम्मान लेने से इनकार कर दिया है।

इस साल के गणतंत्र दिवस पर पद्म विभूषण, पद्म भूषण औऱ पद्म श्री के तौर पर कुल 128 सम्मान दिए गए हैं। आम लोगों से नाम मंगाकर गृह मंत्रालय की ओर से देश के शीर्ष नागरिक सम्मानों में शामिल इन पुरस्कारों की घोषणा की गई है। ये पुरस्कार मार्च में हर साल राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले समारोह में दिए जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *