कनाडा में कपिल शर्मा के कैप्स कैफे पर फायरिंग करने वाला गैंगस्टर दिल्ली से गिरफ्तार, चाइनीज पिस्टल और कारतूस बरामद
नई दिल्ली। मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा के कनाडा में स्थित कैप्स कैफे में हुई फायरिंग की साजिश रचने वाले गैंगस्टर को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया है। पकड़े गए गैंगस्टर का नाम बंधु मान सिंह सेखों है और वह गोल्डी बराड़ गैंग से जुड़ा हुआ है। दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने उसके पास से एक चाइनीज पिस्टल और कारतूस भी बरामद किए हैं। फायरिंग की घटना के बाद गैंगस्टर बंधु मान सिंह कनाडा से भारत आया था। फिलहाल गैंगस्टर से पूछताछ की जा रही है और अंतरराष्ट्रीय गैंग के साथ उसके लिंक खंगाले जा रहे हैं।
कैप्स कैफे में जुलाई, अगस्त और अक्टूबर के महीने में फायरिंग की तीन घटनाओं को अंजाम दिया गया था। हालांकि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ था। पहली बार फायरिंग कैप्स कैफे के उद्घाटन के तुरंत बाद ही की गई। 7 अगस्त को हुई फायरिंग के बाद लॉरेंस गैंग के गैंगस्टर हैरी बॉक्सर की ओर से एक धमकी भरा ऑडियो जारी किया था। ऑडियो में साफ कहा गया था कि जो सलमान के साथ काम करेगा वो मरेगा। इससे पहले 10 जुलाई को कपिल शर्मा कैप्स कैफे के बाहर पहली बार गोलीबारी हुई थी। बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के आतंकी हरजीत सिंह लड्डी ने उसकी जिम्मेदारी ली थी।
आतंकी हरदीप सिंह लड्डी ने बताया था कि उसने बब्बर खालसा इंटरनेशनल के अपने साथी तूफान सिंह के साथ मिलकर गोलीबारी की इस घटना को अंजाम दिया। उसने बताया था कि कपिल शर्मा के एक शो में किसी प्रतिभागी ने निहंग सिख का वेष धारण किया था और उनके आचरण को लेकर हास्यास्पद टिप्पणियां की थीं। इस वजह से सिखों की भावनाएं आहत हुईं। जिस वजह से गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया। इसके बाद 16 अक्टूबर को भी दो बार हमलों को अंजाम दिया गया। फायरिंग की इन घटनाओं के बाद कपिल शर्मा ने कहा था कि उनके कैफे में अब पहले से ज्यादा लोग आने लगे हैं।
