June 16, 2026

Hind foucs news

hindi new update

आम आदमी पार्टी से बीजेपी में गए सांसद संदीप पाठक पर पंजाब में दो एफआईआर दर्ज, गिरफ्तारी भी संभव

नई दिल्ली। बीते दिनों आम आदमी पार्टी के सात सांसद बीजेपी में शामिल हुए थे। खबर है कि इनमें से एक सांसद संदीप पाठक के खिलाफ पंजाब में दो अलग-अलग जिलों में एफआईआर दर्ज की गई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों ही एफआईआर में गैर जमानती धाराएं लगाई गई हैं। ऐसे में पंजाब पुलिस संदीप पाठक को गिरफ्तार भी कर सकती है। खबर लिखे जाने तक पंजाब पुलिस ने संदीप पाठक पर हुई एफआईआर के कारणों की जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। पंजाब पुलिस का कहना है कि जांच जारी है।

इससे पहले पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर बीजेपी में गए सांसद और पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने अपनी सुरक्षा हटाने का आरोप लगाया था। हरभजन सिंह ने इस मामले में पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट का रुख भी किया। हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार से कहा है कि वो हरभजन सिंह और उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करे। पंजाब सरकार की ओर से हरभजन सिंह की सुरक्षा खत्म किए जाने के बाद केंद्र सरकार ने पूर्व क्रिकेटर को सुरक्षा दी थी। अब संदीप पाठक के खिलाफ एफआईआर से पंजाब के साथ ही देश की सियासत गर्माने के भी आसार हैं। आम आदमी पार्टी पहले ही बीजेपी में गए इन सातों सांसदों के खिलाफ जमकर आरोप लगा चुकी है।

ये पूरा मामला राघव चड्ढा को राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के उप नेता पद से हटाए जाने के बाद शुरू हुआ। राघव चड्ढा और आम आदमी पार्टी ने एक-दूसरे पर जमकर निशाना साधा। उसके बाद बीते दिनों अचानक राघव चड्ढा, संदीप पाठक, हरभजन सिंह, अशोक मित्तल, स्वाति मालीवाल, विक्रम साहनी और राजिंदर गुप्ता ने बीजेपी ज्वॉइन कर ली। इन सभी को राज्यसभा सभापति ने बीजेपी में शामिल होना मान लिया। जबकि, आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने बागी सांसदों की सदस्यता खत्म करने की अर्जी दी है। कुल मिलाकर आम आदमी पार्टी से बीजेपी में सांसदों के जाने का मामला फिलहाल शांत होता नहीं दिख रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *