नई दिल्ली। सोमवार को पीएसएल यानी पाकिस्तान सुपर लीग में अजीब घटना देखने को मिली, इस पाकिस्तानी लीग के 30वें मैच में पेशावर जाल्मी और लाहौर कलंदर्स की टीम आमने-सामने थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए पेशावर की टीम ने 158 रनों का ठीक-ठाक स्कोर खड़ा किया था, जवाब में लाहौर की टीम काफी मुश्किलों के बावजूद कप्तान शाहीन शाह अफरीदी द्वारा अंतिम ओवर में 3 छक्के और एक चौके लगाने से मैच टाई करवाने में कामयाब रही थी, शाहीन ने अंतिम गेंद पर छक्का जड़कर मुकाबला टाई करवाया था।
बहरहाल, हम आपको जिस घटना से रूबरू कराना चाहते हैं, वह हारिस रऊफ द्वारा अपने साथी खिलाड़ी को थप्पड़ जड़ना है। थप्पड़ स्कैंडल क्रिकेट में कोई नई बात नहीं है, लेकिन यह क्रिकेट की प्रतिष्ठा को हमेशा से नुकसान पहुंचाता रहा है। बहरहाल, आइए जानते हैं आखिर क्यों हारिस ने अपने साथी खिलाड़ी को थप्पड़ जड़ दिया..
अपने ही साथी खिलाड़ी को जड़ दिया थप्पड़
यह घटना तब हुई जब पेशावर के इनिंग का दूसरा ओवर चल रहा था। गेंदबाजी हारिस के हाथों में थी, ओवर की पांचवीं गेंद पर हारिस ने पेशावर के बल्लेबाज मो. हैरिस को चलता कर दिया। हारिस रऊफ इस विकेट को जोशीले अंदाज में सेलिब्रेट कर रहे थे, साथी खिलाड़ी भी इस बीच साथ देने के लिए आए, कामरान गुलाम भी इस दौरान जश्न में शामिल होने के लिए भागते हुए आए, लेकिन हारिस उनके बारे में कुछ अलग ही सोच रहे थे। जब कामरान हारिस को बधाई देने करीब आए तो हारिस ने गुलाम को एक जोरदार थप्पड़ रसीद कर दिया। इस दौरान टीम के कप्तान शाहीन अफरीदी भी वहां उपस्थित थे, लेकिन उन्होंने भी हारिस को उनके इस व्यवहार के लिए नहीं रोका।
कामरान गुलाम द्वारा कैच छोड़ने से गुस्से में थे हारिस रऊफ
दरअसल हारिस रऊफ के उसी ओवर में कामरान गुलाम ने पेशावर के बल्लेबाज हजरतुल्ला जजई का एक कैच छोड़ दिया था, जिससे हारिस रऊफ काफी गुस्से में थे। देखा जाए तो दोनों टीमों के बीच यह एक महत्वपूर्ण मैच था, लेकिन क्रिकेट के दौरान अपनी भावनाओं पर कंट्रोल रखते हुए खेलना होता है। बहरहाल, हारिस रऊफ के इस कारिस्तानी पर फैंस काफी नाराज दिख रहे हैं।
