Lock Upp: कंगना के शो में आने पर ट्रोल हुए मुनव्वर फारूकी
नई दिल्ली। कंगना रनौत के नए शो ‘लॉक अप’ का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। कंगना रनौत शो में ग्लैमरस का तड़का लगाने के साथ-साथ कॉन्ट्रोवर्सी से घिरे कंटेस्टेंट्स संग रूबरू होंगी। शो की पहली पहली कंटेस्टेंट निशा रावल के बाद अब दूसरे कंटेस्टेंट ने सबको हैरत में डाल दिया है। दरअसल, शो का दूसरा कैदी कोई और नहीं बल्कि सोशल मीडिया पर ‘पंगा क्वीन’ की खिल्ली उड़ाने वाले कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी हैं। शो में मुनव्वर फारूकी का नाम सामने आने के बाद फैंस थोड़े हैरान हैं। बता दें कि, मुनव्वर फारूकी कई बार कंगना रनौत के बयानों को लेकर विवादित ट्वीट कर चुके हैं। अब कंगना की जेल में रहते हुए मुनव्वर अपनी जिंदगी के कई राज से पर्दा उठाएंगे। फैन्स इस शो को लेकर काफी एक्साइटेड नजर आ रहे हैं।
मुनव्वर फारूकी हुए ट्रोल
शो में मुनव्वर फारूकी का नाम कंर्फम होते ही सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़ आ गई। एक यूजर ने लिखा, “ना बाप बड़ा ना भइया, सबसे बड़ा रुपैया।” वहीं, दूसरे यूजर ने लिखा, “हे भगवान, क्या यह सच में हो रहा है। किसी को कभी किसी चीज के लिए मना नहीं करना चाहिए।”
विवादों से रहा चोली-दामन का साथ
मुनव्वर फारुकी को अपनी कॉमेडी से ज्यादा विवादों के लिए जाना जाता है। विवादों का साथ फारुकी के साथ बिल्कुल चोली-दामन के जैसा है। हिंदू-देवी देवताओं पर विवादित बयान देने से लेकर अपने अजीबोगरीब तर्कों तक को लेकर फारुकी सुर्खियों में रहे हैं। फारुकी का जन्म गुजरात के जूनागढ़ में 28 जनवरी को 1992 को हुआ था। वो एक मुस्लिम परिवार से ताल्लुक रखते हैं और पेशे से एक गायक, कॉमेडियन और कवि भी हैं। कॉमेडियन का पूरा नाम मुनव्वर इकबाल फारूकी है। फारुकी अक्सर अपनी लिखी शायरी को सोशल मीडिया पर शेयर करते हैं। सोशल मीडिया पर उनकी शायरी के दीवानों की कमी नहीं है।
अमित शाह का भी उड़ाया था मजाक
मुनव्वर फारुकी का नाम सबसे ज्यादा सुर्खियों में तब आया था जब उन्होंने हिंदू-देवी देवताओं को लेकर विवादित बयान दिया था। उन्होंने भारत के गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया था। जिसके बाद उन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। जेल से बाहर निकलने के बाद फारुकी ने कॉमेडी नहीं करना का फैसला लिया था। दरअसल जेल से निकले के बाद उनके 12 शोज को कैंसिल कर दिया गया और एक कॉमेडी शो का शटर हमेशा के लिए गिरा दिया गया।
