अखिलेश यादव को बड़ा झटका, ये करीबी नेता गैंगस्टर एक्ट में हुआ गिरफ्तार
नई दिल्ली। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में मुंह की खाने के बाद से ही अखिलेश यादव अब आने वाले चुनावों के लिए खुद को तैयार करने में लगे हैं लेकिन सपा प्रमुख को एक के बाद एक झटके मिले जा रहे हैं। कभी चाचा शिवपाल उनकी मुश्किलें बढ़ाने का काम कर देते हैं तो कभी कोई भारतीय जनता पार्टी। वहीं, अब अखिलेश यादव को ये जोरदार झटका लगा है। दरअसल, एटा के समाजवादी पार्टी नेता और पूर्व विधायक रामेश्वर यादव (Former SP MLA Rameshwar Yadav) को पुलिस ने आगरा से गिरफ्तार कर लिया है। रामेश्वर यादव पर गैंगस्टर एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है। रामेश्वर यादव के अलावा उनके भाई जुगेंद्र सिंह यादव के खिलाफ जिला प्रशासन अवैध कब्जों से जुड़े मामले में कई FIR भी दर्ज की है। बता दें, रामेश्वर यादव सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव (akhilesh yadav) के करीबी माने जाते हैं। ऐसे में उनकी (रामेश्वर यादव) गिरफ्तारी अखिलेश यादव की मुश्किलें बढ़ा सकती है।
सरकारी जमीन जबरन हड़पने का आरोप
पुलिस ने एटा के अलीगंज से समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक रामेश्वर यादव और उनके भाई पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेंद्र सिंह के विरूद्ध सरकारी जमीन जबरन हड़पने को लेकर उत्तर प्रदेश गिरोहबंद समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम (गैंगस्टर एक्ट) 1986 की धारा 2/3 के तहत में एफआईआर दर्ज की है। पूर्व विधायक एक आईपीएस के ससुर भी कहे जाते हैं।
‘रामेश्वर सिंह यादव गैंग के सरगना’
रामेश्वर यादव और उनके भाई पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेंद्र सिंह के विरूद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला पंजीकृत हुआ था। दर्ज एफआईआर में लिखा था कि पूर्व विधायक रामेश्वर सिंह यादव गैंग के सरगना हैं। उनके द्वारा कई सरकारी और गैर सरकारी जमीनों पर कब्जा किया गया है। लोगों में उनके खिलाफ दहशत है। ऐसे में कोई भी उनके खिलाफ बोलने को तैयार नहीं होता। एफआईआर में जुगेंद्र सिंह यादव इस गैंग का सदस्य बताया गया है। वहीं, गैंगस्टर की कार्रवाई के बाद शासन को रिपोर्ट भी भेजी गई थी।
बता दें कि विधानसभा चुनावों 2022 में रामेश्वर सिंह यादव ने अलीगंज विधानसभा से और जुगेंद सिंह यादव ने एटा सदर विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा था। दोनों को इस चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, अब गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाही सपा प्रमुख के लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं है।
