May 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

Agneepath Scheme: हरियाणा में शुरू होने जा रहा है अग्निवीरों की भर्तियों का सिलसिला, इन चार जिलों में होगी भर्ती रैलियां

नई दिल्ली। हरियाणा में साल 2022-23 में होने वाली सेना भर्ती की तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। इसके लिए जल्द ही हरियाणा के 4 जिलों में सेना भर्ती रैलियों का आयोजन किया जाएगा। अग्निपथ योजना के तहत केंद्र सरकार हरियाणा के हिसार जिले में 11 अगस्त से 25 अगस्त, 2022 तक सेना भर्ती रैलियों का आयोजन करने जा रही है। उसके बाद अंबाला, भिवानी और रोहतक जिलों में भी इस सेना भर्ती रैलियों का आयोजन किया जाएगा। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मुख्य सचिव संजीव कौशल ने हरियाणा के इन चार जिलों के उपायुक्तों और अन्य अधिकारियों के साथ साल 2022-23 की सेना भर्ती रैली की तैयारियों के संबंध में स्टीयरिंग कमेटी की अध्यक्षता की।

मुख्य सचिव संजीव कौशल ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन चार जिलों में सेना भर्ती रैली के सुचारू संचालन के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएं। भर्ती के दौरान अधिकारियों तथा उम्मीदवारों के रहने और खाने की उचित व्यवस्था की जानी चाहिए। आगे मुख्य सचिव ने कहा कि पहली सेना भर्ती रैली का आयोजन हिसार जिले में किया जा रहा है जहां अभी तक 12,500 उम्मीदवारों ने सेना में भर्ती होने के लिए अपना पंजीकरण करवाया है। रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 30 जुलाई है, इसलिए माना जा रहा है कि उम्मीदवारों की संख्या बढ़ सकती है। इसलिए सेना भर्ती रैली के दौरान सभी व्यवस्थाएं जैसे शैचालयों का प्रबंध, पीने के पानी की व्यवस्था इत्यादि की उचित व्यवस्था होनी चाहिए। इसके अलावा, मुख्य सचिव ने कोविड-19 के दिशा-निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करने की भी बात कही।

मुख्य सचिव संजीव कौशल ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि स्वास्थ्य संबंधी देखरेख के लिए रैली स्थल पर र्फ्सट एड किट, पर्याप्त मात्रा में जरूरी दवा‌ईयां, एंबुलेंस और किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए अग्निशमन वाहन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। इस भर्ती के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और सुव्यवस्थित तरीके से रैली की गतिविधियों को संचालित करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। साथ ही, रैली स्थल के आस-पास के इलाकों में भी गश्त की जाए। सुरक्षा के लिहाज से रैली स्थल पर एक अस्थाई कंट्रोल रूम भी बनाया जाए।

मीटिंग के दौरान मुख्य सचिव ने सामान्य ट्रैफिक की आवाजाही में कोई बाधा उत्पन्न न हो, इसके उचित प्रबंध के भी निर्देश दिए। वहीं मानसून के मद्देनजर सेना भर्ती रैलियों के दौरान बारिश और जलभराव की समस्या के लिए जल निकासी हेतु वॉटर पंप के इंतजाम किये जाने की भी बात कही। इसके अलावा, बिजली विभाग से तालमेल बिठाकर बिजली की निर्बाध आपूर्ति भी सुनिश्चित करने और जरूरत के हिसाब से जनरेटर सेट की व्यवस्था करने को लेकर भी जरुरी निर्देश दिए।

मुख्य सचिव संजीव कौशल ने निर्देश दिए कि सेना भर्ती रैलियों में युवाओं को अधिक से अधिक मौका मिले, इसके लिए व्यापक तौर से इसका प्रचार-प्रसार किया जाए। इस प्रचार-प्रसार के लिए कॉलेज व अन्य शिक्षण संस्थानों प अधिक ध्यान कें‌द्रित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *