बिहार में बीते 48 घंटों के अपराधों की ‘लिस्ट’ दिखाकर BJP ने खोल दी नीतीश-तेजस्वी सरकार की पोल-पट्टी
नई दिल्ली। बीते दिनों राज्य में हुए सियासी घटनाक्रम के बीच नीतीश कुमार लगातार 8वीं बार राज्य के मुख्यमंत्री पद पर विराजमान हुए हैं। भले ही नीतीश कुमार एक बार राज्य के मुख्यमंत्री बने हों लेकिन फर्क बस ये है कि उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के साथ गठबंधन तोड़ एक बार फिर नीतीश कुमार राजद (राष्ट्रीय जनता दल) के साथ मिलकर सरकार बनाई है इससे पहले भी नीतीश कुमार साल 2015 में राजद के साथ आए थे लेकिन फिर साल 2017 में उन्होंने बीजेपी के साथ जाने का ऐलान कर बिहार की राजनीति में तूफान ला दिया था। कभी राजद, तो तभी भाजपा के साथ गठबंधन करने और तोड़ने की वजह से वैसे ही नीतीश कुमार की छवि अब धूमिल होती नजर आ रही है। अब बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने के 48 घंटे के बाद ही भारतीय जनता पार्टी ने सीएम नीतीश और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव पर हमला बोला है। भाजपा ने राज्य में नई सरकार के बनने के बाद हुए अपराध की सूची जारी कर तीखा वार करते हुए जंगल राज की वापसी की बात कही है।
गृह राज्य मंत्री और भाजपा नेता नित्यानंद राय ने राज्य में बनी नई सरकार पर हमलावर होते हुए बीते दो दिनों में राज्य के विभिन्न हिस्सों में हुए अपराध की सूची जारी की है। राय ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से सवाल करते हुए पूछा है कि क्या उन्होंने अपराध की घटनाओं को बढ़ाने के लिए राजद के साथ गठबंधन किया है। बिहार सरकार को निशाने पर लेते हुए भाजपा नेता नित्यानंद राय ने ट्वीट कर लिखा, ‘एक तरफ जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय जनता दल की गोद में बैठने के बाद महागठबंधन आया, तो उसके साथ बिहार में महागठबंधन का गुंडाराज आया। विभिन्न जगहों से बलात्कार, लूट और अपराध की खबरें आने लगी हैं। इसलिए नीतीश कुमार राजद के साथ गए? जवाब दें’।
इन मामलों का जिक्र कर भड़की है बीजेपी
जिस रात नीतीश कुमार ने भारतीय जनता पार्टी का कमल छोड़कर इस्तीफा दिया और राज्यपाल से मिलकर राष्ट्रीय जनता दल संग सरकार बनाने की दावा किया उसी रात पटना में टोयोटा के शोरूम में भीषण डकैती की घटना देखने को मिली। हथियारबंद अपराधियों ने न सिर्फ 9 लाख की लूट की घटना को अंजाम दिया बल्कि विरोध करने पर सुरक्षा गार्ड को कई बार चाकू मारकर मौत की नींद सुला दिया था। वहीं, एक दूसरी घटना में गुरुवार की सुबह जमुई में हथियारबंद अपराधियों ने नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण से कुछ समय पहले एक स्थानीय अखबार के पत्रकार की हत्या का मामला सामने आया था।
अमित मालवीय ने भी की खिंचाई
गृह राज्य मंत्री और भाजपा नेता नित्यानंद राय के साथ ही भाजपा आईटी-सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने भी राज्य में बीते 48 घंटों में सामने आए आपराधिक मामलों की बढ़ोतरी को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। अमित मालवीय ने कहा, ‘बिहार में जनता दल यूनाइटेड और राजद गठबंधन सरकार की शुरुआत दिनदहाड़े एक पत्रकार की हत्या और पटना में एक शोरूम में लूट की घटना के साथ हुई। दलितों और पिछड़ों पर अत्याचार, अपहरण, हत्या और जबरन वसूली, यह स्पष्ट है कि ये घटनाएं बिहार का भविष्य हैं। यह देखना बाकी है कि यह कब तक सहन किया जाएगा।’
