पार्थ चटर्जी और अनुब्रत के बाद ममता को तीसरा झटका, चिटफंड घोटाले में करीबी नेता राजू साहनी को CBI ने दबोचा
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की सीएम और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सुप्रीमो ममता बनर्जी को एक और झटका लगा है। जांच एजेंसी सीबीआई ने ममता की पार्टी से हालीशहर म्यूनिसिपैलिटी के चेयरमैन राजू साहनी को गिरफ्तार किया है। राजू की गिरफ्तारी चिटफंड घोटाले में की गई है। राजू को कोलकाता के सीबीआई दफ्तर लाया गया है। कोर्ट में पेश करने के बाद सीबीआई राजू का रिमांड मांगेगी। राजू के साथ ही तृणमूल के तीन नेता केंद्रीय एजेंसियों के हत्थे चढ़ चुके हैं। पहले ईडी ने ममता के मंत्री पार्थ चटर्जी और बीरभूम में पार्टी के प्रमुख नेता अनुब्रत मंडल को गिरफ्तार किया था।
सीबीआई ने चिटफंड घोटाले में फंसे राजू साहनी के हालीशहर स्थित घर पर शुक्रवार को छापा मारा था। छापे में 80 लाख रुपए नकद और एक रिवॉल्वर बरामद की गई थी। जिसके बाद राजू को जांच एजेंसी ने गिरफ्तार किया था। इससे पहले टीचर्स भर्ती घोटाला में पार्थ चटर्जी को ईडी ने गिरफ्तार किया था। पार्थ की करीबी एक्टर अर्पिता मुखर्जी के दो फ्लैट से 50 करोड़ रुपए और 6 किलो जेवर बरामद किए गए थे। पार्थ और अर्पिता अभी जेल में हैं। गिरफ्तारी के बाद पार्टी में सवाल उठते देख ममता ने पार्थ को पार्टी से बाहर कर दिया था। ममता ने हालांकि बीते दिनों कहा था कि अब तक पार्थ के खिलाफ ईडी को कोई भी सबूत नहीं मिला है।
पार्थ के अलावा केंद्रीय जांच एजेंसी के हत्थे ममता के एक और करीबी अनुब्रत मंडल भी चढ़ चुके हैं। वो भी सीबीआई के हाथ गिरफ्तार हुए थे। अनुब्रत पर गो तस्करी का आरोप है। इसके अलावा बिना इम्तिहान पास कराए अपनी बेटी को सरकारी स्कूल का टीचर बनवाने का आरोप भी अनुब्रत मंडल पर है। अब राजू साहनी की गिरफ्तारी से ममता बनर्जी और टीएमसी को जोर का झटका लगना तय है। राजू की गिरफ्तारी पर खबर लिखे जाने तक टीएमसी के किसी नेता की तरफ से प्रतिक्रिया नहीं आई थी।
