April 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

राजस्थान में थानागाजी के विधायक कांति मीणा के 2 बेटों समेत 4 गिरफ्तार, ले रहे थे 5 लाख की रिश्वत

जयपुर। राजस्थान के थानागाजी से कांग्रेस विधायक और सीएम अशोक गहलोत के करीबी माने जाने वाले कांति मीणा के दो बेटों समेत 4 लोगों को राजस्थान की एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) टीम ने शुक्रवार को गिरफ्तार किया है। इन पर 5 लाख की रिश्वत लेने का आरोप है। गिरफ्तार लोगों में थानागाजी के प्रधान का बेटा और स्थानीय खंड विकास अफसर (बीडीओ) भी हैं। एसीबी के मुताबिक ये लोग हैंडपंप के लिए खुदाई के 15 लाख के बिल को पास करने के लिए रिश्वत ले रहे थे। इस मामले में अब कांति मीणा के विपक्ष के निशाने पर आने के आसार दिख रहे हैं।

एसीबी के महानिदेशक बीएल सोनी ने मीडिया को बताया कि इस मामले में शिकायत मिली थी। जिसके बाद जयपुर इकाई ने केस दर्ज किया था। विधायक के बेटे कृष्ण मीणा को एसीबी की टीम ने रिश्वत की रकम लेते पकड़ा। उसने पूछताछ में बताया कि इस मामले में उसका भाई लोकेश मीणा, प्रधान का बेटा जयप्रताप और बीडीओ नेतराम भी शामिल हैं। इसके बाद बाकी तीन आरोपियों को भी एसीबी ने गिरफ्तार कर लिया। एसीबी ने एफआईआर दर्ज करने के बाद छानबीन की थी। जिसमें इस मामले को सही पाए जाने की बात बीएल सोनी ने कही। इसके बाद ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का काम किया गया।

सोनी ने बताया कि शुक्रवार देर रात करीब 10 बजे आरोपियों को रिश्वत की रकम के साथ दबोचने की तैयारी एसीबी ने की। कृष्ण मीणा और उसके भाई समेत सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने की कार्रवाई रात 2 बजे तक चलती रही। इस मामले में और भी लोगों की गिरफ्तारी के आसार हैं। सभी आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच भी हो रही है। इनके घर और दफ्तर की तलाशी भी ली गई है। कोर्ट से सभी का रिमांड लिए जाने की तैयारी है। एसीबी का मानना है कि मीणा के बेटों समेत सभी आरोपी रिश्वतखोरी के और भी मामलों में शामिल हो सकते हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *