April 22, 2026

Hind foucs news

hindi new update

राजस्थान में स्थापित होगी दुनिया की सबसे बड़ी शिव प्रतिमा

नई दिल्ली। राजस्थान में दुनिया की सबसे ऊंची शिव प्रतिमा का आज अनावरण किया जाएगा। 369 फीट की इस विशाल मूर्ति के लोकार्पण कार्यक्रम में राज्य के मुख्यमंत्री समेत कई बड़ी हस्तियां उपस्थित रहेंगी। इस विशालकाय प्रतिमा की स्थापना राजस्थान के राजसमंद जिले के नाथद्वारा में की गई है।  श्री भोलेनाथ की इस भव्य मूर्ति को ‘विश्वास स्वरूपम’ नाम दिया गया है।

दुनिया की सबसे ऊंची इस  शिव प्रतिमा के निर्माण में 300 से अधिक कारीगरों की सहायता ली गई है। इसे बनाने में उन्हें साढ़े चार साल का समय लगा है। गौरतलब है कि आज, शनिवार यानी 29 अक्टूबर की  दोपहर 2 बजे विशेष हवाई जहाज से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत गुजरात से उदयपुर के डबोक एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद  दोपहर 3 बजे हेलिकॉप्टर के जरिए राजसमंद के नाथद्वारा पहुंचेंगे। शाम के 4 बजे विश्व स्वरूपं नामक इस विशाल शिव प्रतिमा के कार्यक्रम में शामिल होंगे।

जिले में शिव प्रतिमा के लोकार्पण का कार्यक्रम आज से आरंभ हो जाएगा। इसका महालोकार्पण कार्यक्रम लगातार 9 दिन तक चलाया जाएगा। इस भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत समेत कई राजनीतिक और विशेष गणमान्य नागरिक शिरकत करेंगे। बता दें कि इस शिव प्रतिमा का निर्माण ‘तत पदम उपवन’ द्वारा कराया गया है। इसके अलावा, विश्वास स्वरूपम के प्रांगण में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था भी की गई है।

इतना ही नहीं, कार्यक्रम के दौरान 9 दिनों तक संत मुरारी बापू की कथा-वाचन का भी आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर करीब 1 लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *