June 27, 2026

Hind foucs news

hindi new update

क्या बीजेपी हिमाचल में करने जा रही ‘ऑपरेशन लोटस’? इन दो नेताओं की मुलाकात से लग रहे कयास

शिमला। हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बने कुछ दिन ही बीते हैं, लेकिन अभी से वहां सुखविंदर सिंह सुक्खू के तख्तापलट की चर्चा जोर पकड़ रही है। इस चर्चा की वजह एक मुलाकात है। इस मुलाकात को वैसे तो शिष्टाचार वाला बताया जा रहा है, लेकिन जिन दो नेताओं के बीच मुलाकात हुई है, वो अहम है। मुलाकात की फोटो भी सामने आई है। हम बात कर रहे हैं हिमाचल कांग्रेस की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और बीजेपी के नेता और पूर्व सीएम जयराम ठाकुर की। प्रतिभा सिंह से मुलाकात की फोटो जयराम ठाकुर ने साझा की है। जयराम की तरफ से साझा फोटो में प्रतिभा सिंह और वो एक गुलदस्ते के साथ दिख रहे हैं।

इस फोटो के सामने आने के बाद हिमाचल में ‘ऑपरेशन लोटस’ की गूंज चारों ओर है। कयास लगाए जा रहे हैं कि सुक्खू की सरकार शायद ज्यादा दिन न चले। इसकी वजह सरकार गठन से पहले सीएम का नाम तय होने के दौरान प्रतिभा सिंह की नाराजगी भी है। कांग्रेस आलाकमान ने प्रतिभा सिंह की नाराजगी के बाद भी सुक्खू को सीएम बना दिया। यहां तक कि प्रतिभा के बेटे विक्रमादित्य सिंह को मंत्री बनाने के बारे में भी अब तक कुछ नहीं कहा है। बता दें कि प्रतिभा के नेतृत्व में ही कांग्रेस ने हिमाचल में 40 सीट हासिल कर बीजेपी को पटकनी दी है।

हिमाचल में वीरभद्र सिंह के परिवार और सुखविंदर सिंह सुक्खू के बीच तनातनी काफी पुरानी है। चुनाव में सुक्खू को कांग्रेस ने प्रचार विंग के प्रमुख के तौर पर काम सौंपा था। वहीं, डिप्टी सीएम बनाए गए मुकेश अग्निहोत्री को प्रचार के लिए कांग्रेस ने हेलीकॉप्टर तक दिया था। प्रतिभा सिंह ने सीएम का नाम तय होने से पहले साफ कहा था कि कांग्रेस आलाकमान को वीरभद्र सिंह के प्रति सम्मान दिखाना होगा और इस परिवार ने हिमाचल में कांग्रेस के लिए हमेशा काम किया है, लेकिन उनकी ये धमकीभरी बातें कांग्रेस आलाकमान ने परे खिसकाकर सुक्खू को सत्ता सौंपी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *