June 4, 2026

Hind foucs news

hindi new update

भारत जोड़ो यात्रा के दौरान सीएम गहलोत ने किया 500 रुपए में सिलेंडर देने का ऐलान

नई दिल्ली। बेशुमार दुश्वारियों से जूझ रही कांग्रेस में नई जान फूंकने के लिए राहुल गांधी वर्तमान में भारत जोड़ो यात्रा की अगुवाई कर रहे हैं। अब तक वे कई राज्यों का दौरा कर चुके हैं। ध्यान रहे कई मुद्दों को लेकर यह यात्रा विवादों में भी आ चुकी है। बीते दिनों ही राहुल ने चीनी सैनिकों को माकूल जवाब देने वाले भारतीय सैनिकों पर अपमानजनक टिप्पणी की थी। जिसे लेकर उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। इसके इतर कई ऐसे वाकये रहे, जिसे लेकर कांग्रेस नेता की भारत जोड़ो यात्रा विवादों में रही, लेकिन अब इसी भारत जोड़ो के दौरान राजस्थान के अलवर में जनसभा को संबोधित करने के क्रम में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रसोई गैस सिलेंडर को लेकर बड़ा ऐलान किया है।

आपको बता दें कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जनसभा में 500 रुपए में सिलेंडर देने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि अगले वित्त वर्ष से लोगों को 500 रुपए में सिलेंडर दिया जाएगा। इसके लिए तीन श्रेणियों में लोगों को विभाजित किया जाएगा। एक बीपीएल श्रेणी के लोग दूसरा उज्जवला योजना के तहत आने वाले। इस तरह कम कीमत पर लोगों को सिलेंडर मुहैया कराया जाएगा, ताकि सभी को कम कीमत पर सिलेंडर की सुविधा प्राप्त हो सके। बता दें, कांग्रेस हमेशा से ही गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों को लेकर बीजेपी पर हमलावर रही है। वर्तमान में गैस सिलेंडर की कीमत 1 हजार को पार कर चुकी है। ऐसी स्थिति में मुख्यमंत्री गहलोत ने बीजेपी के विरोध में यह दांव ऐसे वक्त में चला है, जब प्रदेश में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं और राजस्थान में हमेशा ही सत्ता परिवर्तन का रिवाज रहा है। ऐसी स्थिति में क्या कांग्रेस इस रिवाज को ध्वस्त करने में सफल रहती है या बीजेपी बाजी मार लेती है। इस पर सभी की निगाहें टिकी रहेंगी, लेकिन फिलहाल कांग्रेस द्वारा किए गए इस ऐलान के कई मायने निकाले जा रहे हैं।

उधर, इस यात्रा में सचिन पायलट भी शामिल हुए। उन्होंने जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि जिस संकल्प के साथ यह यात्रा निकाली जा रही है, मैं उस संकल्प को सलाम करता हूं। कुछ लोगों को यह यात्रा रास नहीं आ रही है। लेकिन, अब ऐसे सभी लोगों को मुंहतोड़ जवाब मिलने जा रहा है। इसके साथ ही राहुल गांधी ने भी जनसभा को संबोधित किया जिसमें बीजेपी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि आप लोगों के बीच में नफरत बांटते हैं, लेकिन मैंने मोहब्बत की दुकान खोली हुई है, क्योंकि यह नफरत से नहीं, बल्कि मोहब्बत से चलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *