June 2, 2026

Hind foucs news

hindi new update

ICICI बैंक की सीईओ रहीं चंदा कोचर और पति दीपक सीबीआई के हत्थे चढ़े, 3250 करोड़ का है मामला

नई दिल्ली। वीडियोकॉन ग्रुप को लोन देने में की गई धोखाधड़ी मामले में सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई की है। सीबीआई ने शुक्रवार को इस मामले में आईसीआईसीआई बैंक की सीईओ रहीं चंदा कोचर को गिरफ्तार कर लिया। चंदा के पति दीपक कोचर को भी सीबीआई ने गिरफ्तार किया है। वीडियोकॉन को लोन देने में गड़बड़ी साल 2012 में हुई थी। सीबीआई का आरोप है कि चंदा और दीपक कोचर ने इस मामले में वीडियोकॉन से फायदा लिया है। सीबीआई ने जानकारी दी है कि चंदा कोचर और उनके पति दीपक को पूछताछ के लिए तलब किया गया था। कुछ देर की पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

सीबीआई के मुताबिक चंदा कोचर और दीपक कोचर सवालों का जवाब ठीक से नहीं दे रहे थे। दोनों टालमटोल कर रहे थे। जांच में सहयोग न करने पर दोनों को गिरफ्तार किया गया है। आज दोनों को कोर्ट में पेश किया जाएगा। सीबीआई चंदा कोचर और दीपक कोचर से पूछताछ के लिए अदालत से रिमांड मांगेगी। सीबीआई का आरोप है कि रिजर्व बैंक RBI के निर्देश और आईसीआईसीआई बैंक की लोन देने की नीति का उल्लंघन किया गया। नीतियों को दरकिनार कर वीडियोकॉन ग्रुप की कंपनियों को आईसीआईसीआई बैंक से 3250 करोड़ रुपए का लोन दिया गया। जांच एजेंसी ने आरोप लगाया है कि इस क्रेडिट सुविधा के बाद वीडियोकॉन ग्रुप के चेयरमैन वेणुगोपाल धूत ने चंदा कोचर और दीपक कोचर को अवैध तरीके से फायदे दिए।

सीबीआई ने इस मामले में चंदा कोचर, दीपक कोचर और वीडियोकॉन ग्रुप के वेणुगोपाल धूत पर पहले केस दर्ज किया था। इन तीन के अलावा वीडियोकॉन इंडस्ट्रीज लिमिटेड, सुप्रीम एनर्जी, वीडियोकॉन इंटरनेशनल इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड और न्यूपावर रिनुएबल्स कंपनियों के खिलाफ भी आपराधिक साजिश रचने का केस दर्ज है। माना जा रहा है कि चंदा और दीपक कोचर से आगे भी पूछताछ कर सीबीआई इस मामले में अन्य आरोपियों को जल्दी ही गिरफ्तार कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *