भारत में अर्थव्यवस्था की वर्तमान स्थिति पर उद्योगपति मुकेश अंबानी ने कही बड़ी बात, बोले – हम दुनिया के…
मुंबई। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने आज ‘रिलायंस फैमिली डे फंक्शन 2022’ कार्यक्रम को संबोधित किया। इसमें उन्होंने रिलायंस के कर्मचारियों की हौसला अफजाई की। देश में 5जी को पूरी तरह रोलआउट करने की डेडलाइन का भी एलान किया। साथ ही उन्होंने भारत के लिए बहुत बड़ी बात कही है। मुकेश अंबानी ने कहा कि भारत की आजादी के शताब्दी वर्ष 2047 तक स्थायी और स्थिर तरीके से हम 40 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था वाला देश बन सकते हैं। उन्होंने ये भी कहा कि भारत अब गरीबी के दौर से बाहर निकलने की ओर अग्रसर होता जा रहा है।
मुकेश अंबानी ने कर्मचारियों को ऑनलाइन संबोधित करते हुए कहा कि वक्त अभी ऐसा है, जब अनिश्चितता, उतार-चढ़ाव और दुनिया के कई अलग-अलग जगह तनाव का माहौल है। इन सबके बीच भारत को पूरी दुनिया में शाइनिंग स्पॉट की तरह देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि व्यापक गरीबी, बिखराव और कमियों के युग से भारत अब समावेशी समृद्धि, अवसरों की बहुतायत और 140 करोड़ की जनता की जिंदगी में सरलता और गुणवत्ता के सुधार के युग में प्रवेश करने जा रहा है। मुकेश अंबानी ने कहा कि भारत को अभी युवाओं की आबादी, परिपक्व लोकतंत्र और तकनीकी की नई ताकत मिली हुई है। अब दुनिया 221वीं सदी को भारत की सदी के तौर पर देख रही है। हमारे देश के 5000 साल पुराने इतिहास में सबसे ज्यादा परिवर्तनकारी दौर आ रहा है।
मुकेश अंबानी ने एलान किया कि नए साल यानी 2023 में पूरे देश में रिलायंस जिओ का 5जी नेटवर्क लोगों को मिलने लगेगा। उन्होंने कहा कि हम तेजी से इस दिशा में काम कर रहे हैं। मुकेश अंबानी ने देशभर में 5जी सेवा को तेजी से तैयार करने के लिए रिलायंस जिओ के कर्मचारियों को धन्यवाद और बधाई भी दी। हर साल की तरह इस साल भी उन्होंने रिलायंस के कर्मचारियों की उपलब्धियों को भी गिनाया।
