अपने करियर का तिहरा शतक लगाकर पृथ्वी शॉ ने रचा इतिहास , रणजी ट्रॉफी में किया असम के खिलाफ कमाल का प्रदर्शन
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट के बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने इतिहास रच दिया है। क्रिकेटर ने तिहरा शतक लगाकर सारे रिकॉर्ड तोड़ डाले हैं। पृथ्वी ने रणजी ट्रॉफी में तिहरा शतक लगाया है। ये कारनामा पृथ्वी ने असम के खिलाफ खेले जा रहे मैच के दूसरे दिन के दौरान किया है। बता दें कि रणजी ट्रॉफी में मुंबई के लिए पृथ्वी ने 383 गेंदों में 49 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 379 रन बनाए हैं और ये किसी भी क्रिकेटर के लिए बड़ा स्कोर हैं। पहले दिन पृथ्वी ने मैदान में 240 रन बनाए थे जिसके बाद आज उन्होंने तिहरे शतक का लक्ष्य पूरा किया।
तिहरा शतक मार बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने जीता फैंस का दिल
मुंबई के सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने अपने पहले रिकॉर्ड को तोड़कर ये शानदार रिकॉर्ड बनाया है। अपने शानदार शतक की वजह से पृथ्वी सोशल मीडिया पर ट्रेंड भी कर रहे हैं। फैंस पृथ्वी को भारतीय क्रिकेट का भविष्य बता रहे हैं और उन्हें बधाई भी दे रहे हैं। बता दें कि कल असम के खिलाफ खेले जा रहे मैच में पहले मुंबई को टॉस हारना पड़ा, जिसकी वजह से उन्हें बल्लेबाजी करने का मौका मिला। जिसके बाद मुशीर खान के साथ मिलकर पृथ्वी ने 123 रन बनाए, जबकि अरमान जाफर के साथ मिलकर 74 रन बनाए। जिसके बाद उन्होंने कप्तान अजिंक्य रहाणे के साथ साझेदारी की और 379 रन का आंकड़ा छू लिया।
