पंजाब में कांग्रेस को झटका देकर BJP में शामिल हुए मनप्रीत बादल
नई दिल्ली। पंजाब कांग्रेस के लिए बुरी खबर है। पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत बादल ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। पंजाब कांग्रेस को दूसरा झटका है। इससे पहले पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुनील जाखड़ के पार्टी का हाथ छोड़ दिया था। सुनील जाखड़ द्वारा पार्टी छोड़ने के बाद से ही कांग्रेस छोड़ जाने वालों की लाइन लग गई थी। कांग्रेस पार्टी से इस्तीफे की जानकारी खुद मनप्रीत बादल ने ट्विटर पर दी। अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर मनप्रीत बादल ने इस्तीफा पत्र शेयर कर कांग्रेस को अलविदा कहा है।
BJP प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने मनप्रीत बादल के इस्तीफे की जानकारी दी है। पूनावाला ने ट्वीट कर लिखा, ‘#मनप्रीत बादल ने इस्तीफा दिया, पंजाब से गोवा तक, यूपी से लेकर राजस्थान तक, दिल्ली से तेलंगाना, यह टुकड़े टुकड़े कांग्रेस है, लोग और नेता कांग्रेस छोड़ो कर रहे हैं, राहुल जी, पहले कांग्रेस जोड़ो फिर भारत जोड़ो’ ।
बता दें कि साल 2011 में मनप्रीत सिंह प्रकाश सिंह बादल के शिरोमणि अकाली दल (SAD) से अलग हो गए थे। इसके बाद मनप्रीत सिंह ने अपनी पंजाब पीपुल्स पार्टी बनाई। हालांकि बाद में उन्होंने अपनी पार्टी का विलय कांग्रेस में करते हुए खुद कांग्रेसी हो गए थे। पार्टी से इस्तीफे के बाद उनके भाजपा में जाने की संभावना पक्की मानी जा रही है।
पंजाब के पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल के भतीजे मनप्रीत सिंह बादल के कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा देने के बाद माना जा रहा है कि वो भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो सकते हैं। अब खबर है कि कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद मनप्रीत सिंह बादल केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हो गए हैं।
