June 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

शराब घोटाले में मनीष सिसोदिया को कोर्ट से फिर झटका, न्यायिक हिरासत 1 जून तक बढ़ी

नई दिल्ली। दिल्ली के कथित शराब घोटाले में गिरफ्तार केजरीवाल सरकार के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को फिर झटका लगा है। दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट ने मनीष सिसोदिया की न्यायिक हिरासत 1 जून तक बढ़ा दी है। मनीष सिसोदिया को अब सुप्रीम कोर्ट से राहत की उम्मीद है। जहां उन्होंने जमानत के लिए अर्जी लगा रखी है। मनीष सिसोदिया को 9 मार्च को सीबीआई ने गिरफ्तार किया था। जिसके बाद से वो जेल में हैं। मनीष सिसोदिया पर शराब घोटाले के सबूत अपने 3 फोन नष्ट करने और मंत्रीसमूह के फैसले के उलट शराब नीति बनाने का सीबीआई ने आरोप लगाया है।

सीबीआई ने मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार करने से पहले उनके घर छापा मारा था। सिसोदिया के बैंक लॉकरों की जांच भी की थी। मनीष सिसोदिया, दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी लगातार दावा करते रहे हैं कि कोई शराब घोटाला हुआ ही नहीं। वहीं, राउज एवेन्यू कोर्ट के जज एमके नागपाल कह चुके हैं कि घोटाले में प्रथम दृष्टया मनीष सिसोदिया का हाथ होने के सबूत हैं। सीबीआई के मुताबिक सिसोदिया ने शराब घोटाला किया और इससे दिल्ली के खजाने को कई सौ करोड़ की चपत लगी। इसके अलावा इस मामले में कई और आरोपी भी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

शराब घोटाले की आंच तेलंगाना के सीएम के. चंद्रशेखर राव की बेटी के. कविता और दक्षिण के कार्टेल तक भी पहुंचे हैं। कविता से भी इस मामले में कई दौर की पूछताछ हो चुकी है। के. कविता भी हालांकि ये दावा करती रही हैं कि शराब घोटाले से उनका कोई लेना-देना नहीं है। इस मामले में सीबीआई और ईडी का ये भी दावा है कि शराब घोटाले की 100 करोड़ की रकम गोवा विधानसभा चुनाव में इस्तेमाल की गई। इस आरोप को भी आम आदमी पार्टी ने गलत बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *