पहले दिन ही पठान को पीछे छोड़ेगी आदिपुरुष! कमा लेगी 40-50 करोड़ रुपये, ट्रेड एनालिस्ट का दावा
नई दिल्ली। कृति सेनन और प्रभास की फिल्म आदिपुरुष का जब से टीजर आया है इसको लेकर कोई ना कोई विवाद सामने आ ही रहा है। पहले फिल्म के वीएफएक्स को लेकर सवाल खड़े हो रहे थे, जिसके बाद कृति और ओम राउत के किस ने विवाद कर दिया। लेकिन आज हम किसी विवाद पर नहीं, बल्कि कमाई को लेकर बात करने आए हैं। फिल्म का बजट 500-700 करोड़ के बीच बताया जा रहा है और कहा जा रहा है कि फिल्म पहले ही दिन 40-50 करोड़ का बिजनेस कर सकती है। ये दावा बॉक्स ऑफिस ट्रेड एक्सपर्ट कर रहे हैं।
पहले दिन कर सकती है बंपर कमाई!
फिल्म आदिपुरुष के रिलीज में दो दिन का समय ही बाकी है और फिल्म को लेकर गजब का बज बना हुआ है। एक्सपर्ट का कहना है कि फिल्म को लेकर एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है और लगभग पहले दिन का हर शो फुल है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि फिल्म पहले दिन शाहरुख की पठान का भी रिकॉर्ड तोड़ सकती है। ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने कहा कि फिल्म कई अलग-अलग भाषाओं में रिलीज होने वाली है और फिल्म को लेकर लोगों का क्रेज भी बना हुआ है। ये फिल्म हमारी संस्कृति और सभ्यता को दिखाती है और हर भारतीय की भावनाओं से जुड़ी है। ऐसे में उम्मीद की जा सकती है कि फिल्म सिर्फ हिंदी भाषा में 30 करोड़ का बिजनेस कर सकती है और अगर बाकी भाषाओं का कलेक्शन प्रीडिक्ट किया जाए तो कुल कलेक्शन 40-50 करोड़ पहुंच सकता है।
हिट साबित होगी फिल्म!
एक्सपर्ट ने आगे कहा कि हालांकि अभी फिल्म के रिलीज में दो दिन बाकी है और आंकड़ों का सही अनुमान रिलीज से एक दिन पहले ही लगाया जा सकता है। गौरतलब है कि फिल्म 16 जून को रिलीज होगी और फिल्म पैन इंडिया फिल्म है, जिससे वैश्विक स्तर पर रिलीज किया जाएगा। हालांकि अभी तक ये बात साफ नहीं है कि फिल्म को कितनी स्क्रीन्स पर रिलीज किया जाना है।
