लैंड फॉर जॉब मामले में बढ़ी लालू यादव की मुश्किलें, CBI ने दाखिल की चार्जशीट
नई दिल्ली। राजद सुप्रीमो लालू यादव और राबड़ी देवी की लैंड फॉर जॉब मामले में मुश्किल बढ़ गई हैं। दरअसल, सीबीआई ने इस मामले में लालू यादव और राबड़ी देवी के खिलाफ सीबीआई ने चार्जशीट दाखिल की है। जिस पर राजद ने बयान जारी कहा कि बीते दिनों पटना में बुलाई गई विपक्षी दलों की बैठक से बौखलाई सीबीआई ने यह चार्जशीट दाखिल की है। सूत्रों के मुताबिक, इस चार्जशीट में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव का नाम शामिल है। अब इस मामले को लेकर आगामी 12 जुलाई को कोर्ट में सुनवाई होगी। आइए, अब आगे आपको पूरा माजरा विस्तार से बताते हैं।
जानें पूरा माजरा
आपको बता दें कि इस स्केम की कहानी उस वक्त लिखी गई थी, जब लालू यादव रेल मंत्री थे। उन्होंने रेल मंत्री की हैसियत से रेलवे के ग्रुप डी के विभाग में नौकरी दिलवाने की एवज में अभ्यर्थियों की जमीन सस्ते दामों पर अपने नाम लिखवा ली थी। जिसके बाद उन्हें नौकरी दी गई थी। अभ्यर्थियों की मुंबई, जबलपुर, कोलकाता, जयपुर और हाजीपुर में नियुक्ति हुई थी। वहीं, नौकरी के संदर्भ में रेलवे की ओर से किसी भी प्रकार का आवेदन भी जारी नहीं किया गया था, बल्कि बतौर रेल मंत्री रहते हुए लालू यादव ने अभ्यर्थियों की जमीन सस्ते दामों में अपने नाम लिखवाकर उनकी ग्रुप डी में नौकरी लगवाई थी।
सीबीआई ने मई 2022 में मामला दर्ज कर जांच का सिलसिला तेज कर दिया। वहीं, अब इतने महीनों की जांच के बाद लालू कुनबे के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई है। बहरहाल, अब आगामी दिनों में इस पूरे मामले में क्या कुछ कार्रवाई की जाती है। इस पर सभी की निगाहें टिकी रहेंगी।
