July 14, 2026

Hind foucs news

hindi new update

सांप्रदायिक हिंसा वाले हरियाणा के नूंह में दंगाइयों पर बुलडोजर एक्शन जारी, आज इतनी अवैध संपत्तियां की जा रहीं ध्वस्त

नूंह। सांप्रदायिक हिंसा ग्रस्त हरियाणा के नूंह में प्रशासन का बुलडोजर एक्शन आज दूसरे दिन भी जारी है। कल भी यहां प्रशासन ने अवैध निर्माण और कब्जों को बुलडोजर से ध्वस्त किया था। आज भी अवैध कब्जे हटाने के साथ 40 दुकानों को तोड़ा जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि ये अवैध हैं और हिंसा करने वालों की संपत्तियां हैं। आज प्रशासन ने नूंह के नई गांव, बिसरू, सिंगार, डुडोली पिंगवा और फिरोजपुर में बुलडोजर एक्शन शुरू किया है। हरियाणा में पहली बार दंगाइयों के खिलाफ सख्त बुलडोजर एक्शन देखा जा रहा है। प्रशासन की सख्ती से यहां हड़कंप मचा हुआ है।

नूंह के एसडीएम अश्विनी कुमार ने मीडिया को बताया कि हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर ने हिंसा और उपद्रव करने वालों की अवैध संपत्ति की जांच कर गिराने के आदेश दिए थे। एसडीएम के मुताबिक जिन संपत्तियों पर बुलडोजर चल रहा है, वे सब अवैध हैं। शुक्रवार को प्रशासन ने तावड़ू इलाके में रोहिंग्या के अवैध कब्जों को बुलडोजर से धूल में मिलाया था। साथ ही उस बिल्डिंग को भी गिराया गया था, जिसकी छत से दंगाइयों ने पुलिस और आम लोगों पर पथराव किया था।

नूंह पुलिस के मुताबिक अब तक 141 दंगाइयों को गिरफ्तार किया गया है। हरियाणा के सोहना और पलवल इलाकों को मिलाकर गिरफ्तार किए जाने वाले दंगाइयों की संख्या 200 से ज्यादा है। 80 के करीब लोगों को पुलिस ने हिरासत में भी ले रखा है। नूंह में नल्हड़ शिव मंदिर से सोमवार को यात्रा निकल रही थी। तभी मंदिर और यात्रा को घेरकर सांप्रदायिक हिंसा की गई थी। हिंसा में हरियाणा के दो होमगार्ड समेत 6 लोगों की जान गई। नूंह में हिंसा शुरू होने के बाद गुरुग्राम के सोहना और पलवल तक इसकी आंच पहुंची थी। फिलहाल सभी इलाकों में केंद्रीय बल लगाए गए हैं। नूंह में कर्फ्यू भी है। इंटरनेट को भी बैन किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *