विधानसभा में AAP विधायक ने अपनी ही सरकार की ‘खोली पोल’, जल बोर्ड के काम को लेकर बोला हमला
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा में आम आदमी पार्टी के विधायक भूपिंदर सिंह जून ने अपनी ही सरकार की पोल खोलकर रख दी है। इतना ही नहीं जल बोर्ड के कामकाज को लेकर उन्होंने केजरीवाल सरकार पर जमकर निशाना भी साधा। दरअसल सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें आप विधायक भूपिंदर सिंह विधानसभा में जलबोर्ड पर केजरीवाल सरकार को खरी-खरी सुना रहे है। आप विधायक ने कहा, पिछले एक डेढ़ साल से दिल्ली जल बोर्ड का काम बिल्कुल ठप्प पड़ा है, कोई भी काम नहीं हो पा रहा है। लोग गंदा पानी, गटर का पानी, बदबूदार पानी पीने के लिए मजबूर है और उसका रिजल्ट क्या हुआ, लोग बीमार पड़ने शुरू हो गए। खास तौर पर बुर्जुग और बच्चे… जब भी दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारियों से बात करो तो एक ही जवाब मिलता है.. फंड नहीं है। हर विधानसभा का बजट निल है।
आगे भूपिंदर सिंह जून ने कहा, कोई काम नहीं हो पा रहा है। जिससे जनता परेशान है। विधायक के ऑफिस में लोग गंदी बोतल भरकर लेकर आते है वो बिल्कुल गटर का पानी है। कोई उसे पी नहीं सकता.. टच नहीं कर सकता है ऐसा पानी लोग पीने को मजबूर है। बहुत से ऐसे एरिया है जहां वाटर पाइप लाइन 30-40 साल पुराने है जिनको रिप्लेस करना है। पिछला कॉन्ट्रैक्ट टैंकरों का खत्म हो गया है। नए टैंकर इसलिए नहीं हो पा रहे है क्योंकि फंड नहीं है।
उन्होंने कहा, मेरा निवेदन है कि फाइनेंस डिपार्टमेंट जल्द से जल्द फंड रिलीज करें। ताकि लोगों का जीवन स्वास्थ्य रहे और पोर्टेबल वाटर मिल सके। नहीं तो ऐसी महामारी फैलने वाली है। जिसके लिए कौन जिम्मेदार होगा? फाइनेंस डिपार्टमेंट तो हाथ खड़े कर देगा कि हम जिम्मेदार नहीं है। लेकिन जल बोर्ड की भी मजबूरी है कि बिना फंड्स के कोई काम नहीं हो पा रहा है।
