उनका कोई राजनीतिक असर ही नहीं रहा डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला कुछ भी बोलें : श्रुति चौधरी
श्रुति चौधरी ने आज दादरी के गांव रावलधी, समसपुर, झिंझर सहित आधा दर्जन गांवों में ग्रामीण सभाओं को संबोधित किया और आगामी चुनावाें के बारे में चर्चा की। इस दौरान श्रुति ने अपने दादा पूर्व सीएम स्व. बंशीलाल व पिता पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह के समर्थकों से की भी मुलाकात की। इस दौरान श्रुति चौधरी ने कहा कि दुष्यंत चौटाला चाहे कांग्रेस या फिर किसी अन्य पार्टी के बारे में कुछ बोले, उनके बयानों का कोई राजनीतिक असर ही नहीं रहा। कांग्रेस पार्टी उनके बयानों को गंभीरता से नहीं लेती। अब प्रदेश की जनता इनको चुनावों में सबक सिखाकर घमंडी सरकार को चलता करने को तैयार है।
वहीं ग्रामीण सभाओं को संबोधित करते हुए श्रुति चौधरी ने कहा कि क्षेत्र के लोग उनके दादा पूर्व सीएम स्व. बंशीलाल व पिता पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह के समर्थक रहे हैं। मेरे सांसद कार्यकाल के अलावा मेरी माता किरण चौधरी के मंत्री रहते हुए क्षेत्र में अनेक विकास कार्य करवाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों से यहां के लोग काफी परेशान हैं। भाजपा सरकार ने लोगों को विकास की बजाए सिर्फ परेशानियां दी हैं। भाजपा ने जातिवाद को बढ़ावा दिया है और अब ऐसी सरकार के खिलाफ लोग लामबंद हो गए हैं।
श्रुति ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार के 10 वर्ष के कार्यकाल में हर वर्ग को परेशानियां दी हैं। सरकार की नीतियों से परेशान लोग कांग्रेस पार्टी की सरकार बनाने के लिए तैयार बैठे हैं। उन्होंने कहा कि वीरों की धरती दक्षिण हरियाणा से घमंडी सरकार का पतन होगा। दक्षिण हरियाणा आंदोलनकारियों की धरती है और यह क्षेत्र कांग्रेस की सरकार लाने में अहम भूमिका निभाएगा।
NEWS SOURCE : punjabkesari
