संदेशखाली पहुंची NCW की टीम, बंगाल BJP प्रमुख ने महिला आयोग को लिखा पत्र
कोलकाता। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के अशांत संदेशखाली में जमीनी हालात का जायजा लेने के लिए दौरे पर हैं। एनसीडब्ल्यू अध्यक्ष रेखा शर्मा ने जायजा के लेने के बाद कहा कि मैं पुलिस से बातचीत करूंगी। मैं चाहती हूं कि पीड़ित मुझसे बात करें, एनसीडब्ल्यू उनके साथ खड़ा है।
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने कहा, “हम पीड़ितों से प्राप्त हर शिकायत पर कार्रवाई करेंगे। चाहे वह हत्या हो या दुष्कर्म। पुलिस इन मामले में कोई कार्रवाई नहीं करती बल्कि पीड़िता के रिश्तेदारों को ही गिरफ्तार कर लेती है।
बता दें कि संदेशखाली इलाके में बड़ी संख्या में महिलाएं पिछले कुछ दिनों से सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के फरार नेता शाहजहां शेख और उनके साथियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही हैं। इस बीच महिलाओं ने अपने साथ हुए यौन उत्पीड़न की बात बताई।
भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने NCW को लिखा पत्र
पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में महिलाओं से हुए यौन उत्पीड़न मामले में भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) का रुख किया है। भाजपा पश्चिम बंगाल अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने संदेशखाली में दुष्कर्म पीड़ितों की पहचान उजागर करने के लिए पश्चिम बंगाल पुलिस के खिलाफ एनसीडब्ल्यू इंडिया को पत्र लिखा है।
पुलिस प्रशासन पर घोर लापरवाही का लगाया आरोप
पत्र में पुलिस प्रशासन पर घोर लापरवाही का आरोप लगाया गया है। पत्र में जिक्र किया गया कि हाल ही में एक दोषी टीएमसी के नेता सिबू हजरू को स्थानीय पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया है। उन्हें एक पीड़िता के बयान के आधार पर गिरफ्तार किया गया था जो स्थानीय मजिस्ट्रेट द्वारा सीआरपीसी की धारा 164 के तहत दर्ज किया गया था, आज उस महिला ने शिकायत की है कि उस क्षेत्र के अपराधियों ने उसके घर में तोड़फोड़ की है और शिबू हाजरा और अन्य के खिलाफ बयान देने के कारण उसकी जान को खतरा है। . इस घटना के लिए पश्चिम बंगाल पुलिस पूरी तरह से जिम्मेदार है।
