पीएम मोदी के बारे में बदले फारुक अब्दुल्ला के बोल, अब कहा- जो कर रहे उसकी जम्मू-कश्मीर को जरूरत
जम्मू। पीएम नरेंद्र मोदी और बीजेपी के खिलाफ विपक्ष के इंडिया गठबंधन में शामिल नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख और जम्मू-कश्मीर के पूर्व पीएम फारुक अब्दुल्ला के बोल आज बदले दिखाई दिए। पीएम मोदी ने जम्मू-कश्मीर को आईआईटी, एम्स और बारामूला से लेकर संगलदान तक ट्रेन सेवा समेत कई तोहफे दिए। इसी पर फारुक अब्दुल्ला ने पीएम मोदी की जमकर तारीफ की।
फारुक अब्दुल्ला ने पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि केंद्र सरकार जो काम कर रही है, उसी की हमें जरूरत है। नेशनल कॉन्फ्रेंस प्रमुख ने कहा कि ये बड़ा कदम है और हमारे पर्यटन और लोगों के लिए महत्वपूर्ण है। फारुक ने कहा कि इसके लिए वो रेल मंत्रालय और पीएम नरेंद्र मोदी को बधाई देते हैं। फारुक अब्दुल्ला ने कहा कि उनको उम्मीद है कि जल्दी ही कटरा से संगलदान तक ट्रेन सेवा शुरू हो जाएगी। उन्होंने कहा कि अब तक कश्मीर के लोगों को यातायात के लिए मुश्किलें होती थीं। अब रेल सेवा से दूसरे इलाकों में भी सफर कर सकेंगे और सामान को ले जाने में सहूलियत भी होगी।
फारुक अब्दुल्ला हमेशा मोदी और केंद्र की बीजेपी सरकार के खिलाफ रहे हैं। जम्मू-कश्मीर को केंद्र शासित प्रदेश बनाने और अनुच्छेद 370 को रद्द करने के खिलाफ भी फारुक अब्दुल्ला ने खूब आवाज उठाई थी। फारुक अब्दुल्ला कहते थे कि अगर 370 रद्द हुआ, तो घाटी में माहौल खराब होगा। आतंकवाद की छिटपुट घटनाओं को भी वो लगातार मुद्दा बनाकर पीएम मोदी पर निशाना साधते रहे हैं। फारुक अब्दुल्ला भी इंडिया गठबंधन में शामिल हैं, लेकिन पिछले दो दिन से ये खबर आ रही है कि फारुक ने नेशनल कॉन्फ्रेंस को अकेले दम पर जम्मू-कश्मीर की लोकसभा सीटों पर उतारने का फैसला किया है। खास बात ये भी है कि फारुक अब्दुल्ला की नेशनल कॉन्फ्रेंस पहले बीजेपी की अटल बिहारी सरकार में भी शामिल रही है।
