परिजन बोले- आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद कराएंगे पोस्टमार्टम, INLD नेता नफे सिंह राठी हत्याकांड
इनेलो प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी की हत्या का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस हत्याकांड में बहादुरगढ़ के स्थानीय भाजपा नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। एक तरफ जहां नफे सिंह राठी के परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो जाने तक उनका पोस्टमार्टम नहीं करवाने पर अड़े हुए हैं। तो वहीं दूसरी तरफ नफे सिंह राठी के समर्थकों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सामान्य अस्पताल के सामने दिल्ली रोहतक रोड को पूरी तरह से जाम कर दिया है। नफे सिंह राठी की हत्या की वारदात से पहले की एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। जिसमें हमलावर नफे सिंह राठी की गाड़ी का पीछा करते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं।

2 बार विधायक रहे नफे सिंह राठी
इनेलो प्रदेश अध्यक्ष एवं बहादुरगढ़ से दो बार विधायक रहे नफे सिंह राठी की हत्या के मामले में पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधायक नरेश कौशिक, नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष कर्मवीर राठी, कर्मबीर राठी के बेटे कमल, नगर परिषद की मौजूदा चेयरपर्सन सरोज राठी के पति रमेश राठी, पूर्व मंत्री मांगेराम के बेटे सतीश नंबरदार और पोते गौरव राठी समेत 5 अन्य हमलावरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। यह एफआईआर नफे सिंह राठी के सिक्योरिटी गार्ड संजय के बयान पर दर्ज की गई है। इतना ही नहीं इस हत्याकांड के पीछे की मुख्य वजह जमीनी विवाद बताया जा रहा है।
हत्याकांड से पहले की CCTV फुटेज भी आई सामने
हत्याकांड से कुछ देर पहले की एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। इस सीसीटीवी फुटेज में हमलावर नफे सिंह राठी की फॉर्च्यूनर गाड़ी का पीछा करते हुए दिखाई दे रहे हैं। सफेद रंग की I-20 कर में बैठे हमलावर भी साफ दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर भी हमलावरों की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
भतीजे ने पुलिस को दी चेतावनी
नफे सिंह राठी के भतीजे कपूर राठी ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े किए हैं और पुलिस को चेतावनी दी है कि अगर जल्द से जल्द सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो वह नफे सिंह राठी के शव का पोस्टमार्टम नहीं करवाएंगे। रात के समय ही नफे सिंह राठी के शव को बहादुरगढ़ के सामान्य अस्पताल के शव ग्रह में पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया था। नफे सिंह राठी के समर्थक भी उनकी हत्या से काफी आक्रोश में दिखाई दे रहे हैं। उनके समर्थकों ने बहादुरगढ़ के सामान्य अस्पताल के सामने दिल्ली रोहतक रोड पर जाम लगा दिया। समर्थक सड़क के बीचों-बीच बैठे हुए हैं और सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग भी की जा रही है।

इस संबंध में झज्जर जिले के डीएसपी शमशेर सिंह का कहना है कि पुलिस से कई पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच को आगे बढ़ा रही है। डीएसपी शमशेर सिंह का कहना है कि फिजिकल फंडिंग और साइंटिफिक फैक्स के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाएगी। फिलहाल दो डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस की पांच टीमों का गठन किया गया है। जो जगह-जगह पर आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी कर रही हैं।
NEWS SOURCE : punjabkesari
