नए भारत का नया कमाल, मोहम्मद सिराज ने तोड़ा कपिल देव का 39 साल पुराना रिकॉर्ड
नई दिल्ली। लॉर्ड्स के मैदान पर सोमवार को मेजबान इंग्लैंड और भारत के बीच 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला गया। जिसमें भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ 151 रन की शानदार और ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। इसी के साथ भारत ने इस सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। भारत ने टेस्ट सीरीज के पांचवे और आखिरी दिन इंग्लैंड के आगे 60 ओवर में 272 रन का मुश्किल लक्ष्य रखा था, लेकिन मोहम्मद सिराज की अगुवाई में तेज गेंदबाजों ने इंग्लैंड को बस 120 रनों पर ही ऑलआउट कर दिया। जेम्स एंडरसन को सिराज ने क्लीन बोल्ड कर इंग्लैंड की पारी खत्म कर दी और अपनी टीम को यादगार जीत दिला दी।
टेस्ट मैच में सिराज ने कुल 8 विकेट अपने नाम किए है। उन्होंने पहली पारी में 94 रन देकर 4 जबकि दूसरी पारी में 32 रन खर्च कर 4 इंग्लिश बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया। लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर किसी भारतीय बल्लेबाज का ये बेस्ट प्रदर्शन किया है। इससे पहले दिग्गज ऑलराउंडर कपिल देव ने साल 1982 में 168 रन खर्च कर 8 विकेट झटके थे। लेकिन सिराज ने इतने ही विकेट के लिए 126 रन खर्च किए। इनके अलावा इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर पूर्व पेसर आरपी सिंह हैं। उन्होंने 117 रन खर्च कर 7 विकेट निकाले हैं।
बता दें कि इस टेस्ट मैच में इंग्लैंड के कुल 19 विकेट गिरे। किसी टेस्ट मैच में ये दूसरा मौका है जब इंडियन टीम के तेज गेंदबाजों ने ये कारनामा कर दिखाया है। उधर, टीम इंडिया के कप्तान विराट केाहली ने सिराज की जमकर तारीफ की। मैच के बाद उन्होंने कहा- ‘खासकर जब सिराज जैसे खिलाड़ी पहली बार लॉर्ड्स में खेल रहे थे और उन्होंने शानदार गेंदबाजी की तो यह जीत और भी खास हो जाती है। नई गेंद के साथ महत्वपूर्ण सफलता हमारे लिए सही शुरुआत थी।’
