March 10, 2026

Hind foucs news

hindi new update

असम और मिजोरम के बीच फिर तनाव, पुलिस की कार्रवाई बनी वजह

गुवाहाटी। असम और मिजोरम के बीच जारी सीमा विवाद में तनाव फिर बढ़ गया है। मिजोरम सरकार ने आरोप लगाया है कि मंगलवार रात को असम पुलिस ने बिलाईपुर में फायरिंग की। इससे एक नागरिक घायल हुआ है। वहीं, असम सरकार ने पलटवार करते हुए मिजोरम के बदमाशों पर ही इस घटना की जिम्मेदारी डाल दी है।

असम सरकार ने कहा है कि मिजोरम से बदमाशों ने बिलाईपुर में तैनात उसके पुलिस बल पर फायरिंग की। पुलिस ने इस पर जवाबी कार्रवाई करते हुए बदमाशों पर गोली चलाई। मिजोरम के कोलासिब जिले के डीएम एच लालथलांगलियाना के हवाले से न्यूज एजेंसी पीटीआई ने बताया कि रात करीब 1 बजे फायरिंग की घटना हुई। डीएम के मुताबिक वैरेंगेटे के तीन लोग बिलाईपुर में अपने जानने वाले के पास गए थे। सीमा पर वे पहुंचे, तो असम पुलिस ने गोली चला दी। जिस जगह की घटना है, वह विवादित एतलांग इलाका है।

वहीं, असम के हैलाकांदी जिले की पुलिस ने माना कि फायरिंग हुई, लेकिन उसने किसी के हताहत होने की खबर से इनकार कर दिया। वहीं, सूत्रों के मुताबिक बिलाईपुर से मिजोरम जाने वाली सड़क को बना रहे मजदूरों पर मिजोरम के बदमाशों ने दारसिंग हिल्स की तरफ से पहले फायरिंग की।

बता दें कि करीब तीन हफ्ते पहले असम और मिजोरम का सीमा विवाद उस वक्त तूल पकड़ गया था, जब मिजो पुलिस की फायरिंग में असम के 6 पुलिसकर्मी जान गंवा बैठे थे। उसके बाद दोनों राज्यों के सीएम ने तय किया था कि सीमा विवाद का बातचीत से हल निकाला जाएगा। फिलहाल इस इलाके के सभी विवादित स्थलों पर केंद्रीय सुरक्षा बल के जवानों को तैनात किया गया है। फिर भी ताजा घटना से दोनों राज्यों के बीच बातचीत के लिए बन रहा माहौल फिर बिगड़ सकता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *