April 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

7 की तीव्रता से ज्यादा के दो भूकंप से हिला ताइवान, जापान तक सुनामी अलर्ट जारी

ताइपे। दक्षिणी चीन सागर के द्वीप राष्ट्र ताइवान में भूकंप के दो बड़े झटके एक के बाद एक आए। आज ताइवान में सुबह हुई ही थी कि पहले 7.5 और फिर 7.2 तीव्रता के भूकंप के 2 झटके लगे। भूकंप से राजधानी ताइपे समेत बड़े इलाके में धरती डोल उठी। भूकंप की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि कई बड़ी बिल्डिंगों के गिरने की खबर है। भूकंप के कारण जनहानि का तत्काल पता नहीं चल सका है। ताइपे में जिस तरह बड़ी बिल्डिंगें गिरीं और टेढ़ी हो गईं, उसे देखकर ही डर लगने लगता है।

भूकंप सुबह के वक्त आने के कारण तमाम लोग घरों से बाहर निकल आए। उनके चेहरे पर दहशत साफ देखी जा सकती थी। ताइवान में प्रशासन की तरफ से राहत और बचाव का काम चलाए जाने की खबर है। इस बारे में विस्तृत जानकारी ताइवान की सरकार की तरफ से बाद में दिया जा सकता है। भूकंप के कारण सुनामी की चेतावनी भी यहां जारी हुई है। यहां तक कि जापान सरकार ने भी सुनामी की चेतावनी जारी करते हुए ओकिनावा के लोगों को शहर खाली करने के लिए कहा है। जब भी समुद्र के किनारे किसी हिस्से या द्वीप में 6 या उससे ज्यादा की तीव्रता का भूकंप आता है, तो अमूमन सुनामी लहरें उठती हैं। इसी वजह से ये चेतावनी जारी की जाती है।

पिछले करीब 1 साल से दुनियाभर में भूकंप के झटके लगातार आ रहे हैं। दुनियाभर में जमीन के नीचे कई टेक्टोनिक प्लेट हैं। ये टेक्टोनिक प्लेट आपस में टकराती हैं। टेक्टोनिक प्लेटों के टकराने के कारण बहुत ऊर्जा निकलती है। इसी की वजह से भूकंप आते हैं। ताइवान और आसपास के जापान समेत कुछ देशों के ठीक नीचे टेक्टोनिक प्लेटों में ज्यादा हलचल होती है। इसी वजह से इन देशों में आए दिन छोटे-बड़े भूकंप देखने को मिलते हैं। भूकंप की भविष्यवाणी करना भी संभव नहीं होता। जबकि, अन्य प्राकृतिक आपदा मसलन तूफान, बारिश वगैरा के बारे में पहले से जानकारी जुटाना संभव होता है। भूकंप के संकेत पहले से न मिलने के कारण जानमाल का बड़ा नुकसान होता रहता है।