June 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

राज्यों में हीटवेव तो कई जगह बारिश और ओलावृष्टि, ऐसा रहने वाला है मौसम

नई दिल्ली। मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, असम, मेघालय, नगालैंड, मिजोरम, मणिपुर और त्रिपुरा में 50 किलोमीटर प्रतिघंटा रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इन राज्यों में गरज और चमक के साथ ओलावृष्टि की संभावना है। दिल्ली और एनसीआर, हरियाणा में भी बिजली चमकने और आंधी आने के आसार हैं। राजस्थान के पश्चिमी इलाकों, मध्यप्रदेश के पूर्वी हिस्सों, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र के विदर्भ और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में भी गरज और चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम बंगाल के हिमालय से लगे इलाकों, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, केरल और लक्षद्वीप में बिजली चमकने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश भी हो सकती है। उत्तर-पश्चिम राजस्थान और हरियाणा के उत्तरी इलाकों में हल्की बारिश और तूफान जैसी स्थिति बन सकती है। पूर्वोत्तर के कई राज्यों और दक्षिण भारत के केरल और कर्नाटक के तटीय इलाकों में लोगों को गर्मी भी परेशान करेगी।

मौसम विभाग ने बताया है कि पश्चिम बंगाल के गंगा तटीय इलाकों और हिमालय से लगे क्षेत्रों, बिहार, झारखंड और ओडिशा में भीषण हीटवेव का सामना लोगों को करना होगा। यूपी के पूर्वी इलाकों में भी बहुत गर्मी पड़ने वाली है। पूर्वी यूपी के लिए हीटवेव का यलो अलर्ट जारी हुआ है। दिल्ली में भी तापमान चढ़ेगा। यहां बारिश की कोई गुंजाइश अभी नहीं दिख रही है। गुजरात के कच्छ और सौराष्ट्र, गोवा, कोंकण, तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, तेलंगाना, रायलसीमा और कर्नाटक के भीतरी हिस्सों में भी हीटवेव चलेगी। बिहार के 18 जिलों में भी हीटवेव चलने वाली है।