April 18, 2026

Hind foucs news

hindi new update

एक्टर सलमान खान के घर फायरिंग मामले में 5वां आरोपी गिरफ्तार, मुंबई पुलिस का दावा- शूटर्स को दी थी अहम मदद

मुंबई। एक्टर सलमान खान के घर फायरिंग मामले में मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक और आरोपी मोहम्मद चौधरी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक 5 लोग गिरफ्तार हो चुके हैं। इनमें से अनुज थापन ने पुलिस हिरासत में आत्महत्या कर ली थी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार सलमान खान के घर फायरिंग मामले में जो 5वां आरोपी गिरफ्तार हुआ है, वो राजस्थान का है। आरोपी मोहम्मद चौधरी के बारे में पुलिस का कहना है कि उसने फायरिंग करने वाले शूटर्स सागर पाल और विक्की गुप्ता को पैसे दिए और सलमान खान के घर की रेकी करने में मदद भी की। राजस्थान से मोहम्मद चौधरी को मुंबई लाया जा रहा है। मुंबई पुलिस कोर्ट में उसे पेश कर रिमांड की मांग करने वाली है। मुंबई पुलिस ने सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग करने के आरोप में सागर पाल, विक्की गुप्ता, सोनू बिश्नोई और अनुज थापन को अब तक पकड़ा था। मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच ने सलमान खान के घर फायरिंग करने में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके भाई अनमोल बिश्नोई को भी वांटेड करार दिया है। लॉरेंस बिश्नोई अभी जेल में है।

उधर, पुलिस हिरासत में आत्महत्या करने वाले अनुज थापन के परिवार ने उसकी मौत की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है। अनुज थापन के परिवार ने इस बारे में बॉम्बे हाईकोर्ट में अर्जी भी दी है। अनुज की मां रीता देवी का आरोप है कि उनके बेटे की हत्या की गई है। रीता देवी की अर्जी पर बॉम्बे हाईकोर्ट का फैसला अभी प्रतीक्षित है। वहीं, मुंबई पुलिस ने अनुज थापन की हत्या से साफ इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि अनुज ने एक चटाई के सहारे फांसी लगा ली थी।