April 27, 2026

Hind foucs news

hindi new update

तालीम लेने वाले बच्चों ने की थी अजमेर में मौलवी की हत्या, यौन शोषण और कुकर्म से परेशान होकर उठाया कदम

अजमेर। राजस्थान के अजमेर में मोहम्मद माहिर नाम के मौलवी की हत्या के केस का खुलासा हो गया है। पुलिस के अनुसार मौलवी की हत्या उससे तालीम लेने वाले बच्चों ने ही की थी। उन्होंने मौलवी के अत्याचारों से परेशान होकर उसकी जान ली।

अजमेर पुलिस ने माहिर की हत्या के मामले में 14 से 16 साल की उम्र के 6 बच्चों को पकड़ा है। पुलिस ने जब बच्चों से पूछताछ की, तो पता चला कि मौलवी माहिर उनको अश्लील फिल्में दिखाता था और फिर गलत हरकत करता था। बच्चों ने पुलिस को बताया है कि मौलवी माहिर ने एक बच्चे से कुकर्म भी किया था। अन्य बच्चों पर भी वो कुकर्म के लिए दबाव बनाता था। इससे बच्चे परेशान हो गए थे। उन्होंने मौलवी माहिर को मार डालने का प्लान बनाया। पहले उसे भोजन में नींद की दवा देकर सुला दिया और फिर लाठी-डंडों से पीटकर और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।

अजमेर के एसपी देवेंद्र बिश्नोई ने मीडिया को बताया कि बीती 27 अप्रैल को रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि रामगंज थाना क्षेत्र के कंचन नगर स्थित मोहम्मदी मस्जिद के मौलवी मोहम्मद माहिर की हत्या हो गई है। मस्जिद में पढ़ने वाले बच्चों ने उस वक्त पुलिस को बताया था कि तीन लोगों ने मौलवी मोहम्मद माहिर पर हमला किया और फिर भाग गए। पुलिस ने जब जांच शुरू की तो आसपास के लोगों से भी पूछताछ हुई। बच्चों और लोगों के बयान में विरोधाभास पाया गया। कई टीमें बनाकर पुलिस जांच करने लगी। बच्चों से मनोवैज्ञानिक तौर पर पूछताछ की गई। सीसीटीवी कैमरे के वीडियो देखे गए और इसके बाद ही बच्चों ने कबूला कि उन्होंने मिलकर मौलवी की हत्या कर दी है। पुलिस ने आखिरकार मौलवी की हत्या का खुलासा कर दिया, लेकिन माहिर ने जिस तरह बच्चों का यौन शोषण और कुकर्म किया, उससे ये साबित हो रहा है कि वो कितनी घृणित मानसिकता का शख्स रहा होगा।