Heatwave Alert: देश के 12 राज्यों में हीटवेव का अलर्ट, जानिए बाकी देश के लिए मौसम विभाग का क्या है अनुमान
नई दिल्ली। एक तरफ केरल और दक्षिण भारत के अलावा पूर्वोत्तर भारत में मॉनसून सक्रिय है और बारिश हो रही है। वहीं, उत्तर और पश्चिम भारत के अलावा पूर्वी भारत के तमाम राज्य शिद्दत की गर्मी झेल रहे हैं। मौसम विभाग ने एक बार फिर गर्मी का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम भारत से लेकर ओडिशा तक आज भी हीटवेव का असर लोगों को परेशान करने वाला है।
मौसम विभाग ने बताया है कि दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, जम्मू, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, यूपी, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र के विदर्भ इलाके, झारखंड और ओडिशा में हीटवेव का असर दिखेगा। इन सभी राज्यों में लोगों को लू से बचने के लिए कहा गया है। रविवार को भी इन सभी राज्यों में काफी गर्मी पड़ी। मौसम विभाग का अनुमान है कि बुधवार तक उत्तर भारत में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार गर्मी से तप रहे राजस्थान के कुछ इलाकों में रविवार को बारिश से लोगों को राहत मिली। इन इलाकों में 5 मिलीमीटर तक बारिश दर्ज हुई। मौसम विभाग का कहना है कि अभी जयपुर, भरतपुर, बीकानेर, अजमेर और जोधपुर के इलाके में बारिश होने की संभावना है। वहीं, मॉनसून के कारण केरल में काफी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने केरल के एर्नाकुलम में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। एर्नाकुलम में 20 सेंटीमीटर तक बारिश की संभावना जताई गई है।
उधर, पूर्वोत्तर भारत में भी मॉनसून के सक्रिय होने से तमाम जगह भारी बारिश देखी जा रही है। असम में तो बाढ़ तक आ गई है। असम के 10 जिलों में बाढ़ के कारण लाखों लोगों को सुरक्षित इलाकों में ले जाया गया है। असम में कुशियारा, बराक और कोपिली नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। इन नदियों के क्षेत्र में आने वाले हैलाकांडी, होजाई, करीमगंज, नगांव, मोरीगांव, गोलाघाट, कार्बी आंगलांग, डिब्रूगढ़ जैसे जिलों में लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं।
