April 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

प्रियंका गांधी को उपचुनाव लड़ाकर उनका कद छोटा करने की कोशिश, पूर्व कांग्रेसी नेता का बड़ा आरोप

नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व नेता और कल्कि धाम के पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम के प्रियंका गांधी को लेकर बड़ा दावा किया है। प्रमोद कृष्णम का कहना है कि प्रियंका गांधी को उपचुनाव लड़ाकर कांग्रेस उनका कद कम करना चाहती है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कांग्रेस के प्रियंका को वायनाड से चुनाव लड़ाने के फैसले से एक बात साबित हो गई है कि कांग्रेस को हिंदुओं पर भरोसा नहीं है। अगर कांग्रेस हिंदुओं पर भरोसा करती तो प्रियंका को किसी और सीट से चुनाव लड़ाया जाता।

आचार्य प्रमोद ने कहा कि प्रियंका गांधी इस समय कांग्रेस में सबसे लोकप्रिय हैं। इसलिए उनको कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया जाना चाहिए न कि उपचुनाव लड़ाना चाहिए। वहीं ईवीएम को लेकर विपक्ष द्वारा सवाल उठाए जाने पर प्रमोद कृष्णम के कहा कि मुझे लगता है खराबी मशीन में नहीं विपक्ष के नेताओं के दिमाग में है। वायरस मशीन में नहीं इनके दिमाग में आया है और वो भी ऐसा कि वो सब अपना पासवर्ड भूल गए हैं, अब नया ओटीपी जारी करने की जरूरत है।

आपको बता दें कि राहुल गांधी ने कल ही वायनाड सीट छोड़ने और रायबरेली सीट अपने पास रखने का फैसला लिया। इसी के साथ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रियंका गांधी के वायनाड लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में उतरने का ऐलान किया। पिछले काफी समय से प्रियंका गांधी के चुनाव लड़ने की अटकलें लगाई जा रही थीं। इससे कुछ दिन पहले ही राहुल गांधी ने वायनाड की जनता को संबोधित करते हुए कहा था कि मैं तय नहीं कर पा रहा हूं कि वायनाड सीट छोड़ूं या रायबरेली। इस दौरान राहुल ने जनता से इतना वादा जरूर किया था कि मेरा जो भी फैसला होगा, उससे वायनाड और रायबरेली दोनों खुश होंगे। राहुल की इस बात को लेकर तभी से चर्चाओं का बाजार गर्म था कि राहुल जो भी सीट छोड़ेंगे वहां से प्रियंका चुनाव लड़ सकती हैं।