April 19, 2026

Hind foucs news

hindi new update

नीट परीक्षा गड़बड़ी मामले की जांच तेज, तेजस्वी यादव के पीएस प्रीतम कुमार से पूछताछ करेगी ईओडब्ल्यू

पटना। नीट परीक्षा मामले में चौतरफा जांच चल रही है। गुजरात से लेकर बिहार की राजधानी पटना और दिल्ली तक तमाम जांच एजेंसियां और पुलिस नीट परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ी का पता लगाने में जुटी हैं। इस मामले में ताजा खबर ये है कि बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई यानी ईओडब्ल्यू अब आरजेडी नेता और पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के पीएस प्रीतम कुमार से पूछताछ करने वाली है।

बिहार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने बुधवार को खुलासा किया था कि तेजस्वी यादव के पीएस प्रीतम कुमार ने फोन कर नीट परीक्षा का पेपर लीक करने के आरोपी सिकंदर प्रसाद यादवेंदु के लिए एनएचएआई के गेस्ट हाउस में कमरा बुक कराया था। इस मामले में बीजेपी का इशारा तेजस्वी यादव की तरफ भी है, लेकिन अभी उसने सीधे-सीधे आरजेडी नेता पर नीट परीक्षा में गड़बड़ी कराने का आरोप नहीं लगाया है। बता दें कि सिकंदर प्रसाद यादवेंदु के बारे में ये भी कहा जा रहा है कि उसने रांची में तेजस्वी के पिता और आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव की काफी देखभाल की थी।

नीट परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ी की जांच का काम शिक्षा मंत्रालय ने सीबीआई को सौंपा है। सीबीआई ने केस दर्ज कर जांच शुरू भी कर दी है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस मामले में देरी के लिए नैतिक जिम्मेदारी ली है और कहा है कि अगर कोई गड़बड़ी मिली, तो संबंधित के खिलाफ सरकार कड़ी कार्रवाई करेगी। हालांकि, धर्मेंद्र प्रधान ने अभी नीट यूजी परीक्षा रद्द करने से इनकार कर दिया है। उनका कहना है कि परीक्षा रद्द करने से इसे पास करने वाले हजारों छात्रों के लिए दिक्कत पैदा होगी। वहीं, नीट परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ी के मामले में सुप्रीम कोर्ट में भी सुनवाई चल रही है। कोर्ट ने कई अहम आदेश भी दिए हैं। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में अगली सुनवाई 8 जुलाई को होनी है।